वर्दी का गुरूर: ट्रैफिक पुलिस के ASI-होमगार्ड का सड़क पर उत्पात, युवक को चौकी में पीट-पीटकर किया अधमरा; Video
इस घटना को लेकर जब कुछ दुकानदार बस स्टैंड चौकी पहुंचे तो एक युवक गुलशन को जबरदस्ती बैठा कर उसके साथ मारपीट की। गुलशन को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से हालत गंभीर होने पर बीके अस्पताल रेफर कर दिया।
विस्तार
हरियाणा के बल्लभगढ़ आदर्श सब्जी मंडी के सामने ट्रैफिक पुलिसकर्मी ही कानून की धज्जियां उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। सोमवार रात ट्रैफिक पुलिस में तैनात एएसआई राजेश कुमार और उसके होमगार्ड जीतू ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान दोनों ही सिविल ड्रेस में थे। दोनों ने पहले लोगों की रेहड़ियों को पलट दिया और उसके बाद स्कूटी और बाइक को गिराकर तोड़फोड़ की। इस घटना का जब लोगों ने विरोध किया तो सरेआम गाली-गलौज और धमकियां देते हुए नजर आए।
यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस घटना की शिकायत लेकर एक युवक जब बस स्टैंड चौकी में पहुंचा तो उसको साथ मारपीट कर उसको अधमरा कर दिया। जिसको उपचार के लिए बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।
एएसआई राजेश कुमार ट्रैफिक पुलिस में जोन ऑफिसर के पद पर तैनात है। सोमवार रात को टी-पॉइंट पर ट्रैफिक पुलिस बूथ पर ड्यूटी थी। वह अपने सहयोगी होमगार्ड जीतू के साथ आदर्श सब्जी मंडी के पास पहुंचा। उन्होंने आते ही बिना कोई वजह बताए दो रेहड़ियों को पलट दिया और फिर वहां खड़ी स्कूटी व बाइकों को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने विरोध किया तो गाली गलौज करने लगे।
भीड़ देखते ही भड़के पुलिसकर्मी
जैसे लोगों की भीड़ बढ़ती गई वैसे पुलिसकर्मी का गुस्सा भी बढ़ता चला गया। होमगार्ड जीतू ने जबरन लोगों की गाड़ियां उठाकर पेट्रोलियम गाड़ी पर डालने की कोशिश की। वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जो कि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एएसआई राजेश नशे की हालत में था।
चौकी में युवक के साथ की मारपीट
इस घटना को लेकर जब कुछ दुकानदार बस स्टैंड चौकी पहुंचे तो एक युवक गुलशन को जबरदस्ती बैठा कर उसके साथ मारपीट की। गुलशन को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से हालत गंभीर होने पर बीके अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके चेहरे पर थप्पड़ों के निशान, छाती और पेट में अंदरूनी चोटें हैं।
इन लोगों की तोड़ी बाइक
टिंकू ने बताया कि उसकी नई बाइक को भी गिराकर नुकसान पहुंचाया गया। जब उसने विरोध किया और कहा कि गलती है तो चालान काट दो, गाड़ी क्यों तोड़ रहे हो, तो एएसआई राजेश उसे गालियां देने लगा और धमकाने लगा। वहीं दुकानदार कुलदीप ने कहा कि सड़कों पर किसी भी तरह का जाम या ट्रैफिक बाधा नहीं थी। यह सब सरेआम गुंडागर्दी और नशे की हालत में किया गया उत्पाद था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों को पुलिसकर्मी को एस्कॉर्ट ब्रांच में तबादला कर दिया है।