'ये परिवार के लिए खतरा है': तांत्रिक के बहकावे में आई मां, बेटे को नहर में फेंका; पिता ने बताई इनसाइड स्टोरी
कपिल ने बताया कि उनकी पत्नी मेघा बच्चे को लेकर अक्सर तांत्रिक मिता भाटिया के पास जाती रहती थी। मिता भाटिया ने हमारे बच्चे को सफेद जिन्न का बच्चा बताया। साथ ही कहा कि ये बच्चा तुम्हारे परिवार के लिए खतरा है और पूरे परिवार को खत्म कर देगा।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सैनिक कॉलोनी में रहने वाली महिला मेघा लुकरा को तांत्रिक ने कहा कि तुम्हारा दो साल का बेटा सफेद जिन्न का बच्चा है और परिवार के लिए खतरा है। तांत्रिक के कहने पर महिला ने अपने बच्चे को बीपीटीपी थाना एरिया में ले जाकर आगरा नहर में फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने ये देखकर पुलिस को सूचना दी और महिला को वहीं घेर लिया।
महिला गिरफ्तार, तांत्रिक पर एफआईआर
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस, दमकल विभाग व एनडीआरएफ की टीमें बच्चे की तलाश नहर में कर रही हैं। आरोपी महिला के पति के बयान पर बीपीटीपी थाने में हत्या की एफआईआर महिला व तांत्रिक के खिलाफ दर्ज की गई है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में ठीक से बता नहीं पा रही महिला
बीपीटीपी थाना पुलिस को रविवार रात सूचना मिली कि आगरा नहर पर बने बीपीटीपी पुल से एक महिला ने बच्चे को नहर में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां भीड़ जमा थी। उन्होंने एक महिला को घेरा हुआ था। उसी पर लोग बच्चा नहर में फेंकने का आरोप लगा रहे थे। महिला की पहचान सैनिक कॉलोनी में रहने वाली मेघा लुकरा के तौर पर हुई। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो वो कुछ सही से बता नहीं पा रही थी। किसी तरह महिला के पति कपिल लुकरा से पुलिस ने संपर्क किया।
महिला की एक 14 साल की बेटी भी है
कॉल पर सूचना मिली तो कपिल कुछ देर में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 16 साल पहले मेघा से शादी हुई थी। इनके दो बच्चे हैं जिनमें 14 साल की बेटी और दो साल का बेटा तन्मय उर्फ रौनिक शामिल हैं। कपिल ने बताया कि वो निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। रविवार शाम लगभग 5 बजे मेघा दो साल के बेटे को लेकर घर से निकल गई थी। जिसे वे अपने स्तर पर ही आस-पास के एरिया में तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस से सूचना मिली।
पति ने बताई पूरी सच्चाई
कपिल ने बताया कि उनकी पत्नी मेघा बच्चे को लेकर अक्सर तांत्रिक मिता भाटिया के पास जाती रहती थी। मिता भाटिया ने हमारे बच्चे को सफेद जिन्न का बच्चा बताया। साथ ही कहा कि ये बच्चा तुम्हारे परिवार के लिए खतरा है और पूरे परिवार को खत्म कर देगा। कपिल के अनुसार इसी के चलते मेघा व तांत्रिक ने मिलकर उनके बेटे को नहर में फेंककर हत्या कर दी है। बयान के आधार पर सोमवार को बीपीटीपी थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं रविवार रात से ही पुलिस, दमकल विभाग व एनडीआरएफ की टीमें नहर में बच्चे की तलाश कर रही हैं। लेकिन सोमवार तक बच्चे को ढूंढा नहीं जा सका है।