42 दिन बाद खुला कत्ल का राज: बेटे ने मां संग मिलकर की पिता की हत्या, फिर शव के साथ की शर्मनाक करतूत
अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए संगीता व साहिल को गिरफ्तार किया है। सूरजकुंड इलाके से शव भी बरामद कर लिया गया है।
विस्तार
प्रॉपर्टी डीलर हरबीर की हत्या उनके बेटे साहिल ने गेट न खोलने के चलते गुस्से में 11 जुलाई की रात को पीटकर की थी। बाद में साहिल ने अपनी मां संगीता को इस बारे में बताया तो महिला ने पुलिस व परिवार को सूचना देना जरूरी नहीं समझा। उल्टे उसने बेटे के साथ मिलकर शव को बोरे में बंदकर सूरजकुंड रोड पर पुलिया के नीचे फेंक दिया।
दोनों को चार दिन की रिमांड पर लिया
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने जांच करते हुए हरबीर का शव बरामद किया। साहिल व संगीता को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को चार दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
पत्नी और बेटा करते थे परेशान
मामले में अजरौंदा निवासी कुलबीर ने बीपीटीपी थाना पुलिस को शिकायत दी। इसमें आरोप लगाया गया कि उसका भाई हरबीर अपने परिवार के साथ टेरा लवीनियम सोसाइटी सेक्टर 75 फरीदाबाद में रहता था। कुलबीर ने कहा कि उसके भाई को उसकी पत्नी, बेटा व पत्नी की बहन मानसिक रूप से परेशान करते थे। तीनों मिलकर अक्सर हरबीर के साथ मारपीट करते थे। इसके कारण वह उनसे अलग सेक्टर-7 में रहने लग गया था।
11 जुलाई से बंद था फोन
11 जुलाई से उसके भाई का मोबाइल बंद आ रहा था। 14 जुलाई को उसके भाई की पत्नी और बेटा उनके गांव अजरौंदा आए और परिवार को बताया कि हरबीर विदेश घूमने गए हैं। 27 जुलाई को दोनों फिर अजरौंदा आये तो परिवार ने उनसे हरबीर के बारे में पूछा लेकिन वे बहाना बना कर चले गए और मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिए। शिकायत पर बीपीटीपी थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
गेट न खोलने पर ले ली जान
अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए संगीता व साहिल को गिरफ्तार किया है। सूरजकुंड इलाके से शव भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी मां-बेटे से पूछताछ में पता चला कि 11 जुलाई को साहिल रात को देर से घर लौटा तो हरबीर ने गेट नहीं खोला। फिर साहिल साइड वाले मकान से घर के अंदर घुसा और अपने पिता हरबीर के साथ मारपीट की। इससे हरबीर की मृत्यु हो गई। जब संगीता घर आई तो देखा पति मरा हुआ था। बाद में दोनों ने शव को सूरजकुंड रोड पर सिद्धार्थ आश्रम से आगे पुलिया के नीचे फेंक दिया।