फरीदाबाद। शादी ब्याह में लाखों रुपये खर्च न कर मात्र एक रुपये में अपने भतीजे का रिश्ता कर हरियाणा भंडारण निगम के चेयरमैन व पृथला क्षेत्र के विधायक नयनपाल रावत ने समाज को दहेज प्रथा के खिलाफ एक नया संदेश दिया है। कोरोना संक्रमण काल में कोविड-19 के नियमों को ध्यान में रखते हुए विधायक समेत इस शादी में वर पक्ष की ओर से सिर्फ इक्कीस बराती ही शामिल हुए। शुक्रवार को बरात मथुरा जिले गांव शहजादपुर गई।
अपने पैतृक गांव असावटी में विधायक नयनपाल रावत ने घुड़चढ़ी पर न केवल दूल्हे को अपने हाथों से मास्क पहनाया, बल्कि कम लोगों बरात लेकर शादी के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि शुरू से ही मन बना लिया था, बेटों की शादियों में किसी प्रकार की फिजूलखर्ची या दहेज नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा अपील की गई है कि संक्रमण से बचने के नियमों का पालन करें, ताकि खुशियों के आड़े न आए। विधायक के बड़े भाई और दूल्हे के पिता शीशपाल रावत ने कहा कि लोग दोहरी मानसिकता का त्याग करें। उन्होंने बताया कि वह स्वयं किसी के शादी के कार्ड को भी नहीं स्वीकार करते और उन्होंने इसके लिए एक सूचना पट्ट भी अपने घर पर लगाया हुआ है। जो उन्हें बुलावा देना चाहता है, वह इसी पर अपना कार्यक्रम लिख जाता है। ब्यूरो