फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास के पास फ्रेंड्स कॉलोनी में शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने दीवार पर सिर मारकर राजमिस्त्री की हत्या कर दी। आसपास के लोगों ने शव सड़क किनारे पड़ा देख मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर सेक्टर 19 चौकी प्रभारी सुंदर सिंह मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान मूलरूप से यूपी के आंबेडकर नगर निवासी हरेंद्र (25) के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
मृतक के चाचा जिया लाल ने पुलिस को बताया वह मूलरूप से यूपी के आंबेडकर नगर के हसनपुर अमोला के रहने वाले हैं। दिल्ली में उनके परिवार के लोग रहते हैं। हरेंद्र अपने दोस्तों के साथ फ्रेंड्स कॉलोनी में किराये के कमरे में रहता था। वह राजमिस्त्री और पीओपी का काम करता था। हरेंद्र की पत्नी व तीन बच्चे गांव में रहते हैं। शुक्रवार रात को पुलिस से सूचना मिली कि हरेंद्र की मौत हो गई है। सेक्टर 19 चौकी प्रभारी एसआई सुंदर सिंह का कहना है, मृतक के सिर में पीछे से चोट लगी है। ऐसा लगता है किसी ने सिर को दीवार पर जोर से मारा है। हरेंद्र शराब पीने का आदि था। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।