बल्लभगढ़। सेक्टर-दो स्थित हुड्डा मार्केट से दिल्ली किसान आंदोलन में जाने के लिए एकत्र हो रहे किसानों के अरमान पर पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस ने मौके से उन्हें एकत्र करने वाले संदीप बहादरपुर को हिरासत में ले लिया। शाम पांच बजे तक उन्हें थाने में ही बैठाए रखा गया।
राष्ट्रीय जाट एकता मंच के जिला प्रधान संदीप बहादरपुर बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे अपने मंच के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर दो स्थित मार्केट के मैदान में एकत्र हो रहे थे।
यहां से उन्हें दिल्ली किसानों के आंदोलन में शामिल होने जाना था। संदीप ने बताया कि वह चले ही थे कि अचानक शहर एसएचओ और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्हें बल्लभगढ़ थाने में ही शाम तक बैठाए रखा। इसके बाद ही उन्हें छोड़ा गया। उधर, संदीप को हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही मंच के पदाधिकारी वीरपाल धारीवाल, नरवीर सिंह तेवतिया राष्ट्रीय महासचिव, संदीप धारीवाल, राजू नंबरदार उनसे मिले थाने पहुंचे। एसएचओ सुदीप कुमार ने बताया कि संदीप को पूछताछ के लिए लाया गया था। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। (संवाद)