मां-बेटी की होटल में 'डर्टी स्टोरी': ऑनलाइन बनाती थीं दोस्त, फिर बुलातीं, नशा देकर युवकों को कहीं का न छोड़ती
क्राइम ब्रांच बड़खल ने डेटिंग एप के जरिये लोगों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने और झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले अंतरराज्यीय मां-बेटी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इनका नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर, अंडमान व सूरत तक फैला है।
विस्तार
पुलिस ने डेटिंग एप के माध्यम से लोगों से दोस्ती कर उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करने और झूठे दुष्कर्म के मामलों में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच बड़खल की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह की दो महिला आरोपियों (मां और बेटी) को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर सतेंद्र गुप्ता के दिशा-निर्देशों और डीसीपी क्राइम जयवीर राठी व एसीपी क्राइम आमन यादव के मार्गदर्शन में यह सफलता मिली है।
क्राइम ब्रांच बड़खल के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि दोनों महिला आरोपी आपस में मां-बेटी हैं (मां की उम्र 50 वर्ष और बेटी की उम्र 24 वर्ष है)। यह शातिर गिरोह डेटिंग एप के जरिए लोगों को फ्रेंडशिप रिक्वेस्ट भेजकर अपने जाल में फंसाती थीं। इसके बाद पीड़ितों को मिलने के बहाने होटल बुलाया जाता था, जहां उन्हें नशीला पदार्थ खिलाया या पिलाया जाता था। नशे की हालत में पीड़ितों से नकदी व कीमती सामान लूटकर आरोपी महिलाएं मौके से भाग जाती थीं।
झूठे दुष्कर्म केस का डर दिखाकर करती थीं ब्लैकमेल
यह गिरोह मुख्य रूप से अच्छे आर्थिक बैकग्राउंड वाले लोगों को अपना निशाना बनाता था। वारदातों के बाद आरोपी महिलाओं द्वारा पुलिस थानों में झूठी दुष्कर्म की शिकायत देने की धमकी दी जाती थी या मुकदमे दर्ज करवाकर कानूनी शिकंजे में फंसाने का भय दिखाया जाता था। इस डर का फायदा उठाकर पीड़ितों पर भारी दबाव बनाया जाता था और उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
अंडमान और दिल्ली-एनसीआर में भी फैला है नेटवर्क
क्राइम ब्रांच बड़खल के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर के नेतृत्व में की गई प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह ने केवल फरीदाबाद या दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, बल्कि अंडमान और सूरत जैसे दूरदराज के क्षेत्रों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्त में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके द्वारा ठगी गई कुल रकम का सुराग लगाया जा सके।