फरीदाबाद। सरकार का ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब लोगों पर भारी पड़ने लगा है। डिपो धारकों द्वारा राशन डिपो पर बिना झंडे खरीदे राशन नहीं मिलने का एक मैसेज रविवार को व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हुआ। जिसमें डिपो धारक ने लिखा है कि डिपो से जुड़े सभी राशन कार्ड धारक 20 रुपये लेकर डिपो पर झंडा लेेने पहुंचे। झंडा न लेने वालों को अगस्त महीने का गेहूं नहीं दिया जाएगा।
जिले में 693 राशन डिपो हैं। सरकार द्वारा इन सभी को झंडा वितरण केंद्र बनाया गया है। जिस नंबर से मैसेज वायरल हो रहा है, उस पर बात की गइ, तो बताया कि उनका डिपो डबुआ कॉलोनी क्षेत्र में है। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से उन्हें 168 झंडे बांटने के लिए दिए गए हैं। ये भी उन्होंने 32 सौ देकर खरीदे हैं। अभी तक 20 लोग ही झंडा लेकर गए हैं। उन्होंने कहा कि झंडे का भुगतान पहले कर दिया है। अब वह लोगों को 20 रुपये ही सहयोग राशि पर झंडा दे रहे हैं। उनका कहना है कि वह किसी व्यक्ति पर झंडा लेने के लिए गलत तरीके से दबाव नहीं बना रहे हैं। वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर हिमालय कौशिक ने कहा कि राशन डिपो पर लोगों को झंडे उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उन्हें आसानी से झंडा मिल सके। झंडा खरीदे बिना राशन नहीं मिलने वाली बात गलत है। झंडा लेने के लिए लोगों को विवश नहीं किया जा सकता। इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।