बातचीत चल रही है: अगर बन गई सहमति तो एक घंटे में खाटू श्याम के दर्शन कर सकेंगे, अभी लगते हैं 6 से 8 घंटे
हरियाणा का नागरिक उड्यन मंत्रालय इस परियोजना के लिए जल्द मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकार से बातचीत करेगा। इसके लिए कागजी कार्रवाई तेज हो गई है।
विस्तार
राजस्थान के खाटू श्याम व सालासर बालाजी और मध्य प्रदेश के दतिया स्थित मां पीतांबरा पीठ के दर्शन करने के लिए फरीदाबाद के श्रद्धालुओं को अब 6 से 8 घंटे का सफर करने की जरूरत नहीं रहेगी। तीनों धार्मिक स्थलों के लिए फरीदाबाद में सूरजकुंड के निकट स्थित हेलीपैड से श्रद्धालु यहां एक से सवा घंटे में हेलीकॉप्टर सेवा से आसानी से पहुंच सकेंगे। निगम चुनावों के बाद अब शासन की ओर से सूरजकुंड क्षेत्र में बने हेलीपैड को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकार से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की बातचीत चल रही है।
फरीदाबाद और गुरुग्राम से होगी शुरुआत
फरीदाबादवासी बड़ी संख्या में राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी तथा मध्य प्रदेश के दतिया स्थित मां पीतांबरा पीठ जाते हैं। अक्तूबर माह में नई हरियाणा सरकार के गठन के बाद हरियाणा नागरिक उड्यन मंत्री विपलु गोयल ने इसकी घोषणा की थी। अब निगम चुनाव के बाद यह परियोजना परवान चढ़ रही है। सबसे पहले फरीदाबाद और गुरुग्राम से इन तीन तीर्थ स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर से यात्रियों को लाने ले जाने की शुरुआत होनी है।
अभी लगते हैं 6-8 घंटे
फरीदाबाद में सूरजकुंड पर्यटन स्थल के पास बने हेलीपैड से यह यात्री योजना शुरू करने की तैयारी है। इस हेलीपैड की मरम्मत कर यहां से श्रद्धालुओं को ले जाने-लाने की योजना है। वर्तमान में जहां खाटू श्याम, सालासर बालाजी और मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित शक्तिपीठ मां पीतांबरा के द्वार पहुंचने में अपनी कार या बस से छह से 8 घंटे तक लगते हैं। अब यह सफर एक से सवा घंटे में पूरा हो सकेगा।
एमपी और राजस्थान से चल रही बात
हरियाणा का नागरिक उड्यन मंत्रालय इस परियोजना के लिए जल्द मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकार से बातचीत करेगा। इसके लिए कागजी कार्रवाई तेज हो गई है। अनुमान है कि अप्रैल या मई तक इस योजना की शुरूआत हो सकती है। यह योजना कैसे परवान चढ़ेगी, इस पर हरियाणा सरकार तैयारी कर रही है।
अपने वाहन से लग जाते हैं छह से 8 घंटे
राजस्थान में स्थित खाटू श्याम फरीदाबाद से लगभग 338 किमी की दूरी पर है। वहीं, राजस्थान में स्थित सालासर बालाजी फरीदाबाद से 436 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मध्य प्रदेश में स्थित मां पीतांबरा शक्तिपीठ फरीदाबाद से 378 किमी की दूरी पर है। यहां पर सड़क मार्ग से जाने पर करीब 6 से 8 घंटे लग जाते हैं। हेलीकॉप्टर की रफ्तार लगभग 450 से 500 किलोमीटर की होती है। ऐसे में तीनों स्थानों पर करीब एक घंटे में पहुंचा जा सकेगा।