फरीदाबाद। गुरुग्राम में रहने वाले रिश्तेदार के घर से लौट रहे बाइक सवार दादी-पोते को 16 चक्का ट्रक चालक ने बड़खल जमाई कॉलोनी स्थित पेट्रोल पंप के पास कुचल दिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बल्लभगढ़ आदर्श कॉलोनी निवासी अनिल ने पुलिस को बताया कि उसकी माता कमलेश देवी (62 ) और भतीजा पारस (21) गुरुग्राम से एक रिश्तेदार के घर से बाइक पर घर लौट रहे थे। बड़खल जमाई कॉलोनी स्थित पेट्रोल पंप के पास 6 चक्का ट्रक चालक ने कमलेश देवी और पारस को कुचल दिया। इन लोगों के पीछे अनिल बाइक से आ रहा था। चालक भीड़ का फायदा उठाकर गाड़ी लेकर भाग गया। किसी तरह दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई संचित कुमार ने बताया कि उन्हें मौके से कोई हेलमेट नहीं मिला है। मेवात के पुन्हाना निवासी चालक रज्जाक को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक कब्जे में ले लिया है। चालक ने बताया कि रेड लाइट ग्रीन होने के कारण उसका ध्यान जल्दी निकलने पर था। पेट्रोल पंप की तरफ से बाइक आई, जिसे वह देख नहीं पाया। गाड़ी के अगले हिस्से में बाइक टकरा गई और दोनो सवारों के ऊपर पिछला टायर चढ़ गया।