हार की रंजिश में हत्या: गिल्ली-डंडा खेलने के दौरान पीट पीटकर मार डाला, आरोपी को कई बार हरा चुका था मृतक
जांच में सामने आया है कि आरोपी व मृतक के बीच खेल के दौरान कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी किशोर ने मोहित के साथ मारपीट की। इससे पहले भी मोहित ने आरोपी किशोर को कई बार खेल में हरा रखा था। इस रंजिश में आरोपी ने मोहित को डंडे व लात घूंसों से मारा।
विस्तार
बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 में गिल्ली-डंडा खेलने के दौरान हुई सातवीं कक्षा के छात्र मोहित की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी व मृतक के बीच खेल के दौरान कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी किशोर ने मोहित के साथ मारपीट की। इससे पहले भी मोहित ने आरोपी किशोर को कई बार खेल में हरा रखा था। इस रंजिश में आरोपी ने मोहित को डंडे व लात घूंसों से मारा। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
भगत सिंह कॉलोनी निवासी संजय यादव ने बताया कि उनके एक बेटा व एक बेटी हैं। बेटा मोहित 14 साल का था व बेटी 15 साल की है। 9 जनवरी को सेक्टर 3 राजा नाहर सिंह पैलेस के सामने ग्रीनबेल्ट पार्क में मोहित अपने साथियों के साथ गिल्ली डंडा खेल रहा था। करीब दोपहर 2 बजे पत्नी रमावती देवी को सूचना मिली पार्क में खेलते समय बच्चों का आपस में झगड़ा हो गया है। झगड़े में एक किशोर ने मोहित के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसको कई गुम चोट आई हैं। जिसकी वजह से मोहित बेहोश हो गया है। वह मोहित को उपचार के लिए बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल में लेकर गईं।
शाम करीब 5 बजे के बाद उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मोहित और किशोर के बीच कई बार खेल में हार-जीत को लेकर झगड़ा हो चुका था। उस खेल की रंजिश के चलते किशोर ने उनके बेटे मोहित की हत्या कर दी।
पुलिस चौकी सेक्टर-3 प्रभारी सीमा ने बताया कि मोहित का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मोहित के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं हैं। उसकी मौत अंदरुनी चोट के कारण हुई है। आरोपी किशोर को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने गिरफ्तार किया है।