फरीदाबाद: सीवर के खुले मैनहोल में गिरकर बैंककर्मी की मौत, अफसरों की लापरवाही से गई जान
चौकी प्रभारी का कहना है कि आसपास फैक्टरियों में काम करने वाले लोगों के मुताबिक मैनहोल करीब छह महीने से खुला पड़ा है। इसके लिए कई बार शिकायत दी गई है। जांच की जा रही है कि मैनहोल को ढकने की जिम्मेदारी किसकी थी। जांच के बाद संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
विस्तार
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अफसरों की लापरवाही से शनिवार रात एक बैंककर्मी की जान चली गई। सेक्टर-56 में सीवर के खुले मैनहोल में गिरकर 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवदुर्गा विहार लकड़पुर निवासी हरीश वर्मा उर्फ हनी के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करेगी।
सेक्टर-55 चौकी प्रभारी रणधीर यादव ने बताया कि हरीश एचडीएफसी बैंक में कस्टमर एजेंट के तौर पर काम करते थे। वह शनिवार रात अपने दोस्तों शिवम और प्रवीण के साथ सेक्टर-56 में एक दोस्त से मिलने गए थे। देर रात वापस लौटते समय सेक्टर-56 के पास हरीश ने लघुशंका के लिए कार रुकवाई। सड़क पर सीवर का मैनहोल खुला हुआ था। अंधेरे के कारण हरीश उसमें गिर गए। आवाज सुनकर शिवम और प्रवीण मैनहोल के पास पहुंचे। घटनास्थल के पास ही पुलिस ईआरवी खड़ी थी। सूचना पर पुलिसकर्मी ईआरवी से रस्सा निकालकर मेनहोल के पास पहुंचे।
सीवर में पानी भरा हुआ था। पुलिसकर्मियों, शिवम और प्रवीण ने मिलकर हरीश को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने हरीश को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन माह बाद होनी थी शादी
हरीश के परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और दो बहने हैं। परिजनों के मुताबिक, हरीश का रिश्ता तय हो चुका था। तीन महीने बाद उसकी शादी थी। वह घर में सबसे छोटा था।
छह महीने से खुला है मैनहोल
चौकी प्रभारी का कहना है कि आसपास फैक्टरियों में काम करने वाले लोगों के मुताबिक मैनहोल करीब छह महीने से खुला पड़ा है। इसके लिए कई बार शिकायत दी गई है। जांच की जा रही है कि मैनहोल को ढकने की जिम्मेदारी किसकी थी। जांच के बाद संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। अभी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी नही आई है। परिवार के लोगों ने किसी के खिलाफ शिकायत नही दी है।