{"_id":"6ab811e7c5b16a2a9804c284","slug":"an-olympic-standard-swimming-pool-will-be-built-at-the-sector-12-sports-complex-faridabad-news-c-26-1-fbd1023-81117-2026-09-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Faridabad News: सेक्टर-12 के खेल परिसर में बनेगा ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Faridabad News: सेक्टर-12 के खेल परिसर में बनेगा ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल
विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने योजना पर काम शुरू किया, डीपीआर की प्रक्रिया अंतिम चरण में
150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान
राहुल राज
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर को राष्ट्रीय स्तर के आधुनिक खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने यहां ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। प्रस्तावित पूल के निर्माण पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। डीपीआर और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित स्विमिंग पूल को विश्व तैराकी शासी निकाय वर्ल्ड एक्वेटिक्स के मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है। पूल की लंबाई 50 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर होगी। इसमें 10 लेन होंगी और प्रत्येक लेन 2.5 मीटर चौड़ी होगी। पूल की न्यूनतम गहराई दो से तीन मीटर होगी। पूल में अत्याधुनिक स्टार्टिंग ब्लॉक, बैकस्ट्रोक लेज, डिजिटल टचपैड और वेव-कैंसलिंग लेन रोप्स जैसी सुविधाएं होंगी।
विज्ञापन
डिजिटल टचपैड तैराक के फिनिश का समय सेकंड के 100वें हिस्से तक दर्ज कर सकेंगे। अंडरवाटर कैमरा सिस्टम, डिजिटल स्कोरबोर्ड और टाइमिंग टावर से प्रतियोगिताओं की निगरानी, प्रसारण और रियल टाइम परिणाम प्रदर्शित करने की सुविधा मिलेगी। पानी का तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच नियंत्रित रखा जाएगा। आधुनिक फिल्ट्रेशन सिस्टम के साथ हाई-इंटेंसिटी लाइटिंग की भी व्यवस्था होगी। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को शहर में ही बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
विज्ञापन
खेल परिसर को किया जाएगा अपग्रेड
एचएसवीपी सेक्टर-12 खेल परिसर की विशेष मरम्मत और अपग्रेडेशन पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी में है। परियोजना के तकनीकी कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। स्टेडियम के अपग्रेडेशन की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की थी। परिसर में मौजूदा एथलेटिक्स ट्रैक, क्रिकेट ग्राउंड, हॉकी मैदान और इंडोर गेम्स की सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि 1986 में इंडोर स्टेडियम की अवधारणा के साथ शुरू हुआ यह खेल परिसर साल 2000 में पूरी तरह सक्रिय हुआ था। तब से हजारों खिलाड़ी यहां प्रशिक्षण ले चुके हैं। पुरानी हो चुकी सुविधाओं के कारण खिलाड़ियों को दिल्ली, सोनीपत और पंचकूला का रुख करना पड़ता है। स्टेडियम की स्ट्रक्चरल डिजाइन को आईआईटी दिल्ली या आईआईटी रुड़की से प्रमाणित कराने की योजना है।
वर्जन-
सेक्टर-12 खेल परिसर में प्रस्तावित स्विमिंग पूल की डीपीआर तैयार करवाई जा रही है। प्रक्रिया अंतिम चरण में है। डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।- संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी