फरीदाबाद। विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य मे जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-14 में स्थित नशा मुक्ति केंद्र में 75 बेड़ों के कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। जिसका ऑनलाइन उद्घाटन शनिवार को राजभवन से राज्यपाल सत्यदेव नारायण ने किया। उन्होंने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान इतनी बड़ी आपदा आई है कि चौतरफा संकट गहराता जा रहा है। सरकार एवं सामाजिक संगठनों के द्वारा दिन-रात कार्य किए जा रहे हैं। इतनी संख्या में जो लोग संक्रमित हो चुके हैं, उनके इलाज के लिए अस्पतालों में बेड का अभाव है।
उन्होंने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद, भारत विकास परिषद, राजस्थान एसोसिएशन फरीदाबाद, सेवा भारती फरीदाबाद, इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन फरीदाबाद एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से यह कार्य संभव हो पाया है। हम सभी मिलकर इस कठिन परिस्थिति में कोरोना को अवश्य हराएंगे। उन्होंने सामाजिक संगठनों से अपील की कि आगे आकर लोगों को दवाइयां, भोजन, ऑक्सीजन व अन्य सामग्री मुहैया करवाएं। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव विकास कुमार ने बताया कि सबसे ज्यादा संकट ऑक्सीजन का है। जिसे ध्यान रखते हुए 40 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर उपलब्ध कराए गए हैं। भारत विकास परिषद के राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि इसके लिए गूगल फॉर्म बनाया गया है। जिंक पर जाकर लोग आवेदन कर सकते हैं। इस मौके पर प्रांत प्रमुख आरएसएस गंगा शंकर मिश्र, रेडक्रॉस सोसाइटी हरियाणा महासचिव डीआर शर्मा, वाइस चेयरपर्सन सुषमा गुप्ता, एमएस लड्ढा आदि मौजूद रहे।