गुड़गांव के बैंक में जमा हुए 1.04 करोड़ के नकली नोट
दिल्ली-एनसीआर में नकली नोट का जाल फैला हुआ है। गुड़गांव स्थित एचडीएफसी बैंक के चेस्ट रूम में पिछले डेढ़ साल के दौरान एक करोड़ चार लाख नकली नोट जमा कराए गए हैं।
ये नोट दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा समेत एनसीआर स्थित एचडीएफसी की बैंक शाखाओं में पकड़ में आए हैं। इस संबंध में बैंक अधिकारी की शिकायत पर सुशांत लोक पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एचडीएफसी बैंक के अधिकारी उम्मेद शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके बैंक की सवा सौ से अधिक शाखाओं से जमा होने वाले नकली नोट को यहां चेस्ट रूम में जमा कराया गया है।
नासिक लैब जाएंगे सैम्पल
पुलिस आयुक्त नवदीप विर्क ने मामले की जांच एसीपी डीएलएफ को की है और पता लगाने कहा है कि किन-किन क्षेत्रों की एचडीएफसी बैंक शाखाओं से ऐसे नकली नोट अधिक जमा हुए हैं।
सुशांत लोक पुलिस कुछ नोटों के सैंपल लेकर नासिक लैब जाएगी। नोटों के नकली होने की पुष्टि के बाद इसे नष्ट कर दिया जाएगा।
नकली नोट के दर्ज मामले व उस पर हो रही कार्रवाई को लेकर बैंक प्रबंधन ने आरबीआई को पत्र के माध्यम से जानकारी दे दी है। जो नकली नोट जमा कराए गए हैं, उनमें ज्यादातर नोट हजार और पांच सौ के हैं।