हड़ताल का असर: 1000 से ज्यादा सर्जरी टलीं, मरीजों को ऑपरेशन की नई तारीख लेने की सलाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में डॉक्टरों की हड़ताल के कारण शुक्रवार को 1000 से ज्यादा पहले से तय सर्जरी को टालना पड़ा। एम्स से लेकर सफदरजंग और दिल्ली सरकार के लोकनायक, जीबी पंत, सुश्रुत ट्रॉमा अस्पताल में मरीजों को सोमवार को आकर ऑपरेशन की नई तारीख लेने की सलाह दी। अकेले एम्स में ही 650 के करीब ऑपरेशन टाले जाने की जानकारी मिली है, जबकि सफदरजंग अस्पताल में 250, लोकनायक में 80, जीबी पंत में 70, सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में 90 और गुरुनानक नेत्र चिकित्सालय में 20 से ज्यादा ऑपरेशन टालने पड़े। बताया जा रहा है कि हड़ताल के चलते दिल्ली के इन अस्पतालों में 40 हजार से ज्यादा मरीज बगैर इलाज के घर लौटे।
पश्चिम बंगाल की घटना के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली एम्स और सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टर हड़ताल पर थे। इसी बीच दिल्ली सरकार के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के अधीन लोकनायक, जीबी पंत, सुश्रुत ट्रॉमा, गुरु नानक नेत्र चिकित्सालय इत्यादि के डॉक्टर भी हड़ताल पर थे। इसके कारण जिन मरीजों को ऑपरेशन के लिए पहले से 14 जून की तारीख दे रखी थी, उन्हें अस्पताल पहुंचने के बाद हड़ताल के बारे में जानकारी मिली।
हालांकि कुछ मरीजों का यहां तक कहना था कि हड़ताल की जानकारी तो उन्हें सुरक्षा गार्डों से मिल गई, लेकिन ऑपरेशन को लेकर दोबारा कब अस्पताल आना है, इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। यहां तक कि डॉक्टर भी उनकी सुनने को तैयार नहीं। ज्यादातर मरीजों का कहना था कि ऑपरेशन की दोबारा से डेट लेने के लिए अब इन्हें सोमवार से फिर अस्पताल के चक्कर काटने पड़ेंगे।