{"_id":"6b04435449f6c15922009ce1","slug":"disability-pales-before-talent-delhi-ncr-news-c-340-1-del1011-164504-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi NCR News: हुनर के आगे छोटी पड़ी दिव्यांगता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi NCR News: हुनर के आगे छोटी पड़ी दिव्यांगता
विज्ञापन
विज्ञापन
इशारों से चला रहे कारोबार, 19 राज्यों के 130 से ज्यादा दिव्यांग कारीगरों ने जमाया रंग
- कुछ ही दिनों में 5.50 लाख से बढ़कर 60.78 लाख रुपये पहुंची बिक्री
सचिन कुमार
नई दिल्ली। आंखों के सामने अंधेरा है, लेकिन हाथों में ऐसा हुनर कि लोग देखते रह जाएं। आवाज़ नहीं है, लेकिन इशारों से ग्राहकों को सामान की खूबियां समझा रहे हैं। कोई बिना देखे बांस और जूट से खूबसूरत टोकरियां बना रहा है तो कोई रंगों से कपड़ों पर अपनी कला उतार रहा है। चलने-फिरने में परेशानी है, फिर भी व्हीलचेयर पर बैठकर पूरा कारोबार संभाल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दिव्यांग कारीगरों की यही मेहनत लोगों का ध्यान खींच रही है। यहाँ वे किसी की हमदर्दी के भरोसे नहीं, बल्कि अपने हुनर के दम पर सामान बेच रहे हैं। उनके स्टॉल पर जुट रही भीड़ और बढ़ती बिक्री इस बात की गवाही दे रही है। भारत व्यापार संवर्धन संगठन के मुताबिक, विशेष मंडप में शुरुआती दिनों में करीब 5.50 लाख रुपये के उत्पाद बिके थे। कुछ ही दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 60.78 लाख रुपये से अधिक हो गया।
मेले के हॉल नंबर 5 में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से विशेष मंडप लगाया गया है। इसमें 19 राज्यों से आए 130 से अधिक दिव्यांग कारीगर और छोटे कारोबारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। किसी स्टॉल पर बांस और जूट से बनी टोकरियां हैं तो कहीं हाथ से तैयार मोमबत्तियां, मिट्टी के बर्तन, मधुबनी पेंटिंग, कपड़े और घर सजाने का सामान रखा है। हर उत्पाद में कारीगरों की मेहनत और बारीकी साफ़ दिखाई देती है।
विज्ञापन
बिना देखे हाथों से तैयार कर रहे खूबसूरत सामान
मंडप में कुछ ऐसे कारीगर भी हैं, जो देख नहीं सकते। इसके बावजूद उनके हाथों की सफ़ाई देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। वे बांस की पतली लकड़ियों और जूट के धागों से टोकरियाँ तैयार करते हैं। मोम से अलग-अलग आकार की मोमबत्तियां बनाते हैं। हाथों के स्पर्श से सामान की बनावट और आकार को समझकर वे अपना काम पूरा करते हैं। उनके बनाए उत्पादों को देखकर ग्राहक उनकी कला की तारीफ कर रहे हैं। कई लोग सामान खरीदने के साथ यह जानने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं कि बिना देखे वे इतनी बारीकी से काम कैसे कर लेते हैं।
विज्ञापन
इशारों में बता रहे कीमत, मोबाइल से समझा रहे खूबियां
कुछ स्टॉल पर ऐसे कारीगर हैं, जो सुन और बोल नहीं सकते। इसके बावजूद ग्राहकों से सौदा करने में उन्हें कोई झिझक नहीं होती। ग्राहक आते हैं तो वे इशारों से अपनी बात समझाते हैं। ज़रूरत पड़ने पर मोबाइल फ़ोन पर सामान की कीमत और उसकी जानकारी लिखकर दिखाते हैं। मधुबनी पेंटिंग, मिट्टी के बर्तन और हाथ से छपे कपड़े उनके प्रमुख उत्पादों में शामिल हैं। ग्राहक भी उनके इशारों को समझकर अपनी पसंद बताते हैं और ख़रीदारी करते हैं। इस तरह बिना आवाज़ के भी कारोबार की पूरी बातचीत हो रही है।
बॉक्स....
व्हीलचेयर पर बैठकर चला रहे दुकान
मेले में कई ऐसे कारीगर भी हैं, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी है। इसके बावजूद वे व्हीलचेयर पर बैठकर अपना स्टॉल संभाल रहे हैं। ग्राहकों को सामान दिखाने से लेकर उसकी कीमत बताने और बिक्री का हिसाब रखने तक की जिम्मेदारी खुद निभा रहे हैं। इसी मंडप में एलिम्को के स्टॉल पर मोटर से चलने वाली ट्राइसाइकिल और स्मार्ट छड़ी जैसे उपकरण भी रखे गए हैं। ये उपकरण दिव्यांगजनों को रोजमर्रा के काम करने में मदद देते हैं।
