खुशखबर: सराय काले खां टी- जंक्शन होगा जाममुक्त, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने फ्लाईओवर का किया शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को 65.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर का शिलान्यास किया। यह फ्लाईओवर सराय काले खां टी-जंक्शन को सिग्नल फ्री बनाएगा और रोजाना यहां आवाजाही करने वाले लाखों वाहनों को जाम से निजात मिलेगी।
विस्तार
दिल्ली की केजरीवाल सरकार सराय काले खां टी-जंक्शन को जाममुक्त बनाएगी। इसके लिए सरकार यहां आईटीओ से आश्रम जाने वाले वाहनों के लिए 550 मीटर लंबे तीन लेन के फ्लाईओवर का निर्माण करेगी। यह फ्लाईओवर सराय काले खां टी-जंक्शन को सिग्नल फ्री बनाएगा और रोजाना यहां आवाजाही करने वाले लाखों वाहनों को जाम से निजात मिलेगी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को 65.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर का शिलान्यास किया।
इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि नए फ्लाईओवर के बनने से रिंग रोड स्थित सराय काले खां टी-जंक्शन सिग्नल फ्री कॉरिडोर बनेगा, इससे यात्रियों के समय की बचत होगी और ईंधन की खपत भी कम होगी। इसके अलावा फ्लाईओवर के बनने से रिंग रोड पर यातायात सुगम होगा और प्रतिदिन पांच टन कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ-2) का उत्सर्जन कम होगा। साथ ही इससे सालाना लोगों के 19 करोड़ रुपये को बचत होगी और प्रोजेक्ट की कुल लागत मात्र 3.5 सालों में निकल जाएगी।
उन्होंने कहा कि 550 मीटर लंबा तीन लेन का यह फ्लाईओवर एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। यहां मौजूदा सड़क के चौड़ीकरण, उसके सुदृढ़ीकरण, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ को बेहतर बनाने के साथ-साथ सौन्दर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। मनीष सिसोदिया ने कहा कि सराय काले खां ट्रैफिक के हिसाब से दिल्ली के व्यस्ततम इलाकों में से एक है और आने वाले समय में यहां ट्रैफिक का लोड और ज्यादा बढ़ेगा, क्योंकि यहां पहले से ही रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन व अंतरराज्यीय बस अड्डा मौजूद है।
साथ ही यहां रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम बन रहा है, जिससे सराय काले खां एक अनूठे ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित होगा। इसलिए यहां ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए आज एक नए फ्लाईओवर का शिलान्यास किया है, जिससे यहां जब तक रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम बनकर तैयार होगा तब तक नया फ्लाईओवर भी बनकर तैयार होने के अलावा ट्रैफिक सुचारू रूप से चलना शुरू हो सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां आश्रम से आईटीओ की ओर जाने वाले यातायात के लिए मौजूदा फ्लाईओवर है, लेकिन इसके विपरीत दिशा से आईटीओ से आश्रम की ओर जाने वाले यातायात को यहां टी-जंक्शन पर रेड लाइट पर रुकना होता है, जिससे यहां जाम की समस्या उत्पन्न होती है।