Delhi Weather News: घने कोहरे व शीत लहर के साथ होगा नए साल का इस्तकबाल, 31 दिसंबर से तीन जनवरी तक येलो अलर्ट
दिल्ली का जाफरपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 20.4 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रिज में न्यूनतम तापमान 5.2 और आयानगर में 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर घने कोहरे व शीतलहर के साथ नए साल का स्वागत करेगा। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर से फिर से शीत लहर व घने कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा। दो जनवरी तक न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग के मुताबिक 31 व एक जनवरी को हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में कहीं-कहीं पर शीतलहर, सर्द दिन व घना कोहरा रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार बुधवार सुबह हरियाणा व उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर से राहत रही। अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
जफरपुर रहा सबसे ठंडा इलाका
दिल्ली का जाफरपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 20.4 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रिज में न्यूनतम तापमान 5.2 और आयानगर में 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। एनसीआर के इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी हुई। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 7.6 और गाजियाबाद में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दो दिन बाद तापमान में गिरावट पहाड़ों में हुई बर्फबारी को बताया जा रहा है। इस कारण से हवाएं उत्तर पश्चिम हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड का असर दिखाएंगी। मालूम हो कि दिल्ली में सोमवार को सबसे ठंडा दिन था। इस दिन अधिकतम तापमान सामान्य से छ: डिग्री कम 15.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम पांच डिग्री दर्ज हुआ था।
पूर्वानुमान: आसमान साफ व सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी।
अधिकतम तापमान : 21.8 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 6.3 डिग्री सेल्सियस
29 दिसंबर को सूर्यास्त: शाम 5:33 मिनट
30 दिसंबर को सूर्योदय: सुबह 7:13 मिनट