जेटली की याचिका पर केजरीवाल को HC का निर्देश- क्यों न मानहानि की कार्यवाही शुरू की जाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईकोर्ट ने केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की याचिका पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जेटली ने केजरीवाल के खिलाफ 10 करोड़ रुपये मानहानि का नया दीवानी मुकदमा दायर किया है। पिछले हफ्ते केजरीवाल के वकील राम जेठमलानी ने जेटली के खिलाफ अदालत में आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था, यह मुकदमा उसी संदर्भ में दायर किया गया है।
हाईकोर्ट के संयुक्त रजिस्ट्रार पंकज गुप्ता ने केजरीवाल को स्पष्ट करने का निर्देश दिया है कि क्यों न उनके खिलाफ इस मामले में मानहानि की कार्यवाही शुरू की जाए। अदालत ने केजरीवाल को 26 जुलाई तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
इससे पूर्व जेटली की ओर पेश अधिवक्ता संदीप सेठी व माणिक डोगरा ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल ने पहले ही मानहानि का दीवानी मुकदमा दायर कर केजरीवाल और आप के पांच अन्य नेताओं राघव चड्ढा, कुमार विश्वास, आशुतोष, संजय सिंह और दीपक वाजपेयी से 10 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दिलवाने की मांग की थी। इन लोगों ने जेटली पर दिल्ली एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था। वर्ष 2000 से 2013 तक जेटली डीडीसीए के अध्यक्ष थे।
उन्होंने कहा इसी मामले की जिरह के दौरान 17 मई को केजरीवाल के अधिवक्ता राम जेठमलानी ने उनके मुवक्किल के प्रति आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया जो काफी अपमानजनक, आपराधिक श्रेणी व गैरउपयोगी है। उन्होंने कहा उनके पूछने पर जेठमलानी ने माना उन्होंने इस शब्द का प्रयोग अपने मुवक्किल केजरीवाल के कहने पर किया है। उन्होंने कहा अगले दिन सभी चैनलों व समाचार पत्रों में इस संबंध में विस्तृत खबरें चली थी।
याची ने की जेटली की तारीफ
याची ने कहा इन खबरों को देखकर जेटली के परिवार, दोस्तों, रिश्तेदारों व शुभचिंतकों के आगे उनके मुवक्किल की प्रतिष्ठा खराब हुई है। वहीं, जेटली ने हमेशा से ही ईमानदारी से काम किया है और उनकी अपनी प्रतिष्ठा है। जिस प्रकार जेठमलानी ने माना उक्त शब्द का प्रयोग केजरीवाल के कहने पर किया है, ऐसे में उनके मुवक्किल को केजरीवाल के 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त क्षति पूर्ति दिलवाने का निर्देश दिया जाए।
अधिवक्ता जेठमलानी ने दिल्ली उच्च न्यायालय में 15 और 17 मई को केंद्रीय मंत्री से जिरह के दौरान कुछ शब्दों का इस्तेमाल किया था जिन पर जेटली ने आपत्ति जताई थी। दीवानी मानहानि मामले के अलावा जेटली ने आप नेताओं के खिलाफ निचली अदालत में मानहानि का फौजदारी मामला भी दायर किया हुआ है।