दिल्ली: पबजी गेम और नशे की लत में एक युवती ने बहन के घर में ही रच डाली लूटपाट की साजिश
जिला पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह ने बताया कि 26 जून की दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि मीराकुंज निलोठी एक्सटेंशन में दो युवकों ने एक महिला के घर में घुसकर लूटपाट का प्रयास किया है।
विस्तार
दिल्ली के निहाल विहार थाना पुलिस ने अपनी बड़ी बहन के घर में लूटपाट का प्रयास करवाने के मामले में एक युवती और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि युवती ने पबजी गेम और नशे की लत को पूरा करने के लिए अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की योजना बनाई। लेकिन शोर शराबा होने पर आरोपियों को वारदात को अंजाम दिए बिना भागना पड़ा। मौके से मिली स्कूटी की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में शामिल एक बदमाश की पुलिस तलाश कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह ने बताया कि 26 जून की दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि मीराकुंज निलोठी एक्सटेंशन में दो युवकों ने एक महिला के घर में घुसकर लूटपाट का प्रयास किया है। महिला शशि ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे दो युवकों ने उसके दरवाजे को खटखटाया और पति के बारे में पूछा।
पति के दोस्त होने की बात सोचकर उसने दरवाजा खोल दिया। दोनों युवक कमरे में घुस गए और एक ने पिस्टल निकाल ली। दूसरे ने उसे जमीन पर गिराकर घर की तलाशी लेने लगा। शशि के शोर मचाने पर दोनों भाग गए। इस बीच आस पड़ोस के लोगों ने युवकों का पीछा किया। दोनों बदमाश मौके से भागने में सफल हो गए।
थाना प्रभारी महावीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। छानबीन के दौरान पता चला कि बदमाश स्कूटी से आए थे। पीछा किए जाने पर वह अपनी स्कूटी लेकर भाग नहीं पाए। स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी।
नंबर की जांच करने पर पता चला कि स्कूटी का मालिक अमन मादीपुर में रहता है। जहां पुलिस ने दबिश दी। लेकिन वहां पता चला कि अमन तीन साल पहले ही वहां से घर छोड़कर जा चुका है। पुलिस ने घटनास्थल से स्कूटी को नहीं हटाया और एक सिपाही प्रदीप चहल को सादी वर्दी में तैनात किया गया। इसी बीच स्कूटी लेने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया। जिसकी पहचान डाबड़ी निवासी सन्नी के रूप में हुई।
पबजी गेम खेलने के दौरान शिकायतकर्ता की बहन से हुई थी दोस्ती
पूछताछ में सन्नी ने बताया कि पबजी गेम खेलने के दौरान शिकायतकर्ता की बहन ज्योति से उसकी दोस्ती हुई थी। दोनों को रुपये की जरूरत थी। ज्योति ने ही उसे बहन के घर में पचास हजार रुपये होने की बात कहकर लूटपाट की साजिश रची थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने ज्योति(21) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच पड़ताल करने पर पता चला कि ज्योति को पबजी गेम और नशे की लत है। जिसको पूरा करने के लिए उसने सन्नी और सैफ के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची। पुलिस ने सन्नी के पास से खिलौने की पिस्टल बरामद की है।
दोनों आरोपियों ने बेरोजगार होने के नाते वारदात को दिया अंजाम
पुलिस ने बताया कि सन्नी तीन साल से नारायणा स्थित एक प्रिटिंग प्रेस में काम करता था। हाल के लॉकडाउन के दौरान प्रिंटिंग प्रेस बंद हो गया। पबजी गेम खेलने के दौरान चार पांच माह पहले उसकी ज्योति से दोस्ती हुई थी। पुलिस ने बताया कि ज्योति अपनी मां और दो छोटी बहन के साथ राजापुरी इलाके में रहती है। उसके भाई और दो बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। सभी अपने परिवार के साथ रहते हैं। जिसमें शिकायत करने वाली उसकी बहन शामिल है। ज्योति पुरानी कार विक्रेता के यहां काम करती थी। जहां उसे पांच हजार रुपये मिलते थे। फिलहाल वह बेरोजगार है। पबजी और नशे की लत की वजह से उसे पैसों की जरूरत थी और उसने यह बात सन्नी और सैफ को बताई और अपनी बहन के घर ही लूटपाट की साजिश रची।