दिल्लीः सुसाइड नोट में मम्मी-पापा से मांगी माफी, पीछा करने वाले को सजा दिलाने की लगाई गुहार, फिर लगा ली फांसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक युवक के पीछा करने से परेशान होकर बीएड की छात्रा ने फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे देखा तो तुरंत उसे फंदे से उतार लिया, लेकिन तब तक लड़की की तबीयत बिगड़ चुकी थी। अस्पताल में एक सप्ताह जिंदगी से जंग लड़ने के बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के घर से एक सुसाइड नोट मिला है। उसमें युवती ने लोनी के एक युवक द्वारा पीछा करने और परिजनों की बेइज्जी करने की बात लिखी है। मृतका ने अपने परिवार से माफी भी मांगी है।
मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव परिवार को सौंप दिया। परिजनों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार युवती अपने परिवार के साथ भजनपुरा इलाके में रहती थी। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। वह आईपी यूनिवर्सिटी में बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। युवती कुछ समय पूर्व लोनी निवासी सलमान नामक युवक के संपर्क में आई थी।
आरोपी न चाहते हुए पीड़िता को परेशान कर रहा था। यहां तक वह अक्सर उसका पीछा करता था। गत नौ अगस्त को आरोपी उसका पीछा करते हुए घर तक आ गया था जिसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी।
उस दिन खूब हंगामा हुआ था। उसकी वजह से उसके परिजनों की खूब बेइज्जती हुई थी। इतना सब होने के बाद भी आरोपी पीड़िता को प्रताड़ित कर रहा था। 12 अक्तूबर को पीड़िता ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे समय पर फंदे से उताकर स्वामी दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवती के कमरे की जांच की तो उसकी एक डायरी में लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में युवती ने परिवार से माफी मांगते हुए आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलवाने की बात की।
मामले पर जिला पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि छानबीन के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।