Delhi Election 2020: केजरीवाल के जूते से लेकर लांबा के थप्पड़ तक, चुनाव के दौरान हुईं ये घटनाएं
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को जहां राजधानी में मतदान चलता रहा। वहीं दूसरी ओर राजनीति के गलियारों से कुछ घटनाएं सामने आईं। भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच हनुमान मंदिर में जूता उतारने पर बहस सी छिड़ गई तो वहीं चांदनी चौक से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने आप के एक समर्थक को थप्पड़ तक जड़ दिया।
मतदान से ठीक एक दिन पहले बीते शुक्रवार सीएम अरविंद केजरीवाल कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। अब भाजपा के अनुसार, सीएम ने जिन हाथों से अपने जूते उतारे थे उन्हीं से भगवान की पूजा की। उन्होंने हाथ साफ नहीं किए थे। सोशल मीडिया पर आप और भाजपा दोनों ही अलग-अलग वीडियो पोस्ट कर आरोप लगा रहे थे।
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने कहा, अरविंद केजरीवाल पूजा करने गए थे या हनुमान जी को अशुद्ध करने गए थे? एक हाथ से जूता उतार कर, उसी हाथ से माला लेकर क्या कर दिया? जब नकली भक्त आते हैं तो यही होता है। मैंने पंडित जी को बताया बहुत बार हनुमान जी को धोए हैं।
इस पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के सीएम को इतनी अछूत भावना से देखती है भाजपा? इससे ज्यादा गिरा हुआ और घटिया बयान हो ही नहीं सकता। अब भी आप उसी युग में हैं, जहां दलितों को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाता था। श्री राम भी अब भाजपा को नहीं बचा सकते।
संजय सिंह का जवाब और अलका लांबा का थप्पड़
संजय सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा है कि भाजपा, अरविंद केजरीवाल को अछूत मानती है मनोज तिवारी कह रहे हैं, केजरीवाल ने हनुमान जी की पूजा करके भगवान बजरंग बली को अशुद्ध कर दिया उनको धोना पड़ा। केजरीवाल से इतनी नफरत और घृणा क्यों? दिल्ली की जनता से अपील है आपके बेटे केजरीवाल को अछूत मानने वाली भाजपा को जवाब दें।
इस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, जब से मैंने एक टीवी चैनल पे हनुमान चालीसा पढ़ा है, भाजपा वाले लगातार मेरा मजाक उड़ा रहे हैं। कल मैं हनुमान मंदिर गया।आज भाजपा नेता कह रहे हैं कि मेरे जाने से मंदिर अशुद्ध हो गया। ये कैसी राजनीति है? भगवान तो सभी के हैं। भगवान सभी को आशीर्वाद दें, भाजपा वालों को भी। सबका भला हो।
चांदनी चौक में अलका ने जड़ा थप्पड़
चांदनी चौक विधानसभा के तहत आने वाले मजनू का टीला पोलिंग बूथ पर मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने एक आम आदमी पार्टी के समर्थक को थप्पड़ जडने का प्रयास किया। आलका लांबा के अनुसार एक शख्स उनसे बार-बार यह पूछ रहा था कि, 22 साल का लड़का किसका है, यह तो बता दो एक बार। इस पर गुस्से में आकर उन्होंने थप्पड़ मारने का प्रयास किया, हालांकि शख्स के पीछे हट जाने से थप्पड़ नहीं पड़ा। इस घटना के बाद बूथ के बाहर माहौल बिगड़ गया और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। आप के नेता संजय सिंह ने मारपीट की घटना की शिकायत चुनाव आयोग से करने को कहा है।