एलजी और सरकार के विवाद में कूदे विधानसभा अध्यक्ष, नहीं छोड़ेंगे अपना सचिव
विधानसभा सचिव प्रसन्ना कुमार सूर्यदेवड़ा को उपराज्यपाल नजीब जंग की स्वीकृति से तत्काल प्रभाव कार्यमुक्त करने के आदेश को रामनिवास गोयल ने मानने से इनकार कर दिया है।
गोयल ने कहा है कि सूर्यदेवड़ा को 2018 तक का विस्तार मिला हुआ है। फिर विस अध्यक्ष को अपना सचिव रखने की संवैधानिक स्वतंत्रता भी है।
'प्रसन्ना कुमार सूर्यदेवड़ा को 29 अगस्त को दस दिन की छुट्टी दे चुका हूं'
अमर उजाला से रामनिवास गोयल ने कहा कि वे 3 सितंबर तक दिल्ली के बाहर हैं। इस दौरान उनके सचिव को कार्यमुक्त करने का आदेश विधानसभा में आया है।
इससे पहले प्रसन्ना कुमार सूर्यदेवड़ा को 29 अगस्त को दस दिन की छुट्टी दे चुका हूं। उन्होंने कहा कि वे सूर्यदेवड़ा के काम से संतुष्ट हैं। उपराज्यपाल को उन्हें हटाने से पहले उनसे बात करनी चाहिए थी।
रामनिवास गोयल का कहना है कि वे आदेश को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। विस अध्यक्ष का सचिव को लेकर संवैधानिक अधिकार है इसके लिए जहां तक जाना पड़ा जाऊंगा।