Delhi Election: केजरीवाल द्वारा CM फेस बताए जाने पर रमेश बिधूड़ी ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मैं 25 साल से लगातार...
केजरीवाल द्वारा मुख्यमंत्री का चेहरा बताए जाने के एक दिन बाद ही रमेश बिधूड़ी ने एक पत्र जारी कर अपनी स्थिति साफ कर दी है।
विस्तार
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा कालकाजी सीट से उम्मीदवार बनाए गए रमेश बिधूड़ी को आप के राष्ट्रीय संयोजन अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा का मुख्यमंत्री का चेहरा बताया था। इसके बाद काफी बातें होने लगी थीं। इसके अगले ही दिन (रविवार) रमेश बिधूड़ी ने एक पत्र जारी कर अपनी स्थिति साफ कर दी है।
रमेश बिधूड़ी ने पत्र में लिखा है, मैं, भारतीय जनता पार्टी का एक निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। पार्टी ने निरंतर मुझे आशीर्वाद दिया है और मेरे ऊपर भरोसा भी जताया है। लगातार पच्चीस वर्षों से प्रमुख दायित्वों पर रहते हुए पार्टी ने मुझे दो बार सांसद एवं तीन बार विधायक बनाया और चौथी बार भी आपके दरवाजे पर आने का मौका दिया है।
पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है, मेरा किसी भी पद के लिए कोई दावा नहीं है। लगातार अरविंद केजरीवाल ने मेरे संदर्भ में भ्रामक दुष्प्रचार शुरू किया है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं किसी भी पद का दावेदार नहीं हूं। आपके आशीर्वाद से मैं जनता की सेवा में समर्पित हूं। हम मूलमंत्र है-तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित, चाहता हूं देश तूझे और दूं-और दूं।
अरविंद केजरीवाल मेरे संदर्भ में घोषणा करके यह मान चुके हैं कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आ रही है 'और उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली, क्योंकि यह जगजाहिर है कि दिल्ली की जनता में उनके प्रति व्यापक नाराजगी है। जनता शराब घोटाले, शिक्षा घोटाले, स्वास्थ्य घोटाले, शीशमहल घोटाले सहित टूटी सड़के, गंदा पेयजल आदि से निजात पाना चाहती है। जनता चाहती है कि एकबार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने।
विधायक एवं सांसद के रूप में मैंने पूरे मनोयोग से आपकी सेवा की है। मैं आप से अपील करता हूं कि आप लोग आप-दा पार्टी के झांसे में नहीं आए। भारतीय जनता पार्टी को बहुमत दें, क्योंकि भाजपा दिल्ली के नागरिकों के प्रति समर्पित है। मैं भारतीय जनता पार्टी के प्रति जितना समर्पित हूं उतना ही जनता के प्रति समर्पित हूं। मेरे बारे में मुख्यमंत्री पद की बात करना बिल्कुल बेबुनियाद है। मैं आपका सेवक के रूप में अनवरत कार्य करता रहूंगा।
क्या कहा था केजरीवाल ने
केजरीवाल ने कहा था कि चुनाव में सब लोग जानना चाहते हैं कि किस पार्टी का कौन मुख्यमंत्री का उम्मीदवार होगा। हमारी पार्टी ने तो निर्णय लिया है कि केजरीवाल हमारे सीएम होंगे। लेकिन भाजपा का पता नहीं चल पा रहा था कि उनका सीएम उम्मीदवार कौन होगा? लेकिन शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा सीईसी की बैठक हुई थी। मुझे सूत्रों से पता चला है कि इस मीटिंग में दिल्ली के सीएम पद के लिए बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी के नाम पर मुहर लगाई है। पार्टी एक-दो दिन में नाम का औपाचारिक एलान कर देगी। मैं तहे दिल से उन्हें मुबारकबाद देना चाहता हूं भाजपा की तरफ से सीएम उम्मीदवार के लिए।
केजरीवाल ने पूछे थे रमेश बिधूड़ी से सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने रमेश बिधूड़ी से सवाल पूछे थे। उन्होंने कहा कि रमेश बिधूड़ी बताएं कि उन्होंने बतौर सांसद 10 साल में दिल्लीवासियों के लिए क्या-क्या काम किया? उनका दिल्ली के लिए क्या विजन है? वे दिल्ली के लिए और क्या-क्या काम करेंगे। जब उनके नाम का औपचारिक रूप से एलान जाए तो एक दिन आप-बीजेपी के सीएम उम्मीदवारों के बीच सावर्जनिक रूप से डिबेट होना चाहिए।
केजरीवाल ने दी थी बहस की चुनौती
केजरीवाल ने कहा कि जनतंत्र को मजबूत करने के लिए एक दिन दिल्ली और देश के लोगों के सामने आम आदमी पार्टी और भाजपा के सीएम उम्मीदवार के बीच सार्वजनिक चर्चा होनी चाहिए। इसे देखकर दिल्ली की जनता निर्णय ले सके कि किसको वोट देना है। आप भाजपा के सीएम उम्मीदवार के औपचारिक एलान का इंतजार करेंगे। उसके बाद देखेंगे कि क्या होता है।