आठ साल से लिव इन में रह रही महिला ने अपने पार्टनर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
गांव चक्करपुर में एक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। महिला करीब आठ माह की गर्भवती है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी महिला यहां गांव चक्करपुर में रहती थी। उसकी दोस्ती अलवर राजस्थान निवासी सुंदर लाल से करीब 9 साल पहले हुई थी।
दोनों की दोस्ती इतनी बढ़ गई कि दोनों गांव चक्करपुर में लिव इन में रहने लगे। करीब आठ वर्षों से वे लिव इन में रह रहे थे। महिला का आरोप है कि आरोपी सुंदर लाल ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
दिखावे के लिए कर ली शादी
जब उसने शादी का उस पर दबाव बनाया तो आरोपी ने उससे दिखावे के लिए शादी की। इसके बाद भी वह उसे सही तरीके से शादी करने के लिए आश्वासन देता रहा। इसके बाद वह गर्भवती हो गई।
अब उसने जब सही तरह से शादी करने को कहा तो आरोपी उसे छोड़ कर फरार हो गया। जिस पर डीएलएफ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विशाल का कहना है की मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपी फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।