बेटे की नशे की आदत पूरी करने के लिए मां करती थी ड्रग्स की स्मगलिंग
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली एक वृद्धा को गिरफ्तार किया है। वृद्धा पहले अपने बेटे की गलत आदत को पूरी करने के लिए हेरोइन लाती थी, बाद में खुद सप्लाई करने लगी।
उसके कब्जे से बढ़िया क्वॉलिटी की एक किलो हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। हेरोइन की इस खेप को ये दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने के लिए बरेली से लेकर आई थी।
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त रवींद्र यादव के अनुसार, शाखा में तैनात एएसआई ओमप्रकाश को सूचना मिली कि दिल्ली निवासी चंद्रकला (60) बरेली से हेरोइन लाकर दिल्ली में सप्लाई करने में लगी हुई है।
खुद चंद्रकला ने किया खुलासा
वह जावेद नाम के व्यक्ति को हेरोइन की खेप देने के लिए वजीराबाद फ्लाईओवर के पास आएगी। जावेद इसे सुल्तानपुरी व मंगोलपुरी में सप्लाई करेगा। इंस्पेक्टर विजेन्द्र सिंह की टीम ने यहां घेराबंदी कर चंद्रकला को पकड़ लिया, उसके कब्जे से एक किलो हेरोइन बरामद की गई।
चंद्रकला का बड़ा बेटा ड्रग्स का आदी है। वह बेटे के लिए तस्करों से हेरोइन लाती थी। इस दौरान वह बेटे के दोस्त मोहित से मिली।
मोहित के जरिये खान से मिली। खान के कहने पर वह हेरोइन की खेप बरेली से दिल्ली लाने लगी। दिल्ली में ये हेरोइन को कई जगह सप्लाई करती थी।