पढ़िए, नोएडा में हुए खूनी संघर्ष का पूरा सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के कनावनी गांव में सोमवार सुबह जमीन को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। पथराव हुआ। दोनों ओर से करीब 150 राउंड फायरिंग हुई।
इसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर देर शाम एक पक्ष के तीन लोगों- विशम्भर, मनीष और चमन को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश जारी है।
गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी व भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जमीन के लिए बुलाई थी पंचायत
जानकारी के मुताबिक कनावनी गांव में एक जमीन को लेकर भगतराम वाल्मीकि व पूर्व प्रधान देशराज कसाना के बीच विवाद चल रहा था। वर्तमान में देशराज की भाभी जगवती ग्राम प्रधान हैं।
सोमवार सुबह उसी विवादित जमीन के पास दोनों पक्षों में सुलह के लिए बातचीत चल रही थी। इस दौरान सहमति बनी कि लेखपाल को मौके पर बुलाया जाए और वह तय करेगा कि जमीन किसकी है। बातचीत के बाद लोग जाने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान भगतराम के बेटे अंकित ने देशराज पर ईंट से हमला कर दिया। इस बीच पास में ही एक घर में मौजूद भगतराम के रिश्तेदार व अन्य लोग आ गए। उन्होंने लाठी-डंडों से देशराज, उनके भाई अंतराज, मुद्रराज, जितेंद्र, मनीष पर हमला बोल दिया और पथराव भी कर दिया।
हवाई फायर के बाद मार दी गोली
पथराव में तीन कार समेत पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान वाहनों में आग लगाने की भी कोशिश की। दोनों पक्षों की ओर से रुक-रुककर आधे घंटे तक फायरिंग होती रही। गोली लगने से देशराज के भतीजा राहुल (23) की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद देशराज की ओर से लोगों ने भगतराम व उसके रिश्तेदारों के घर पथराव कर दिया। एक मकान में आग लगाने की कोशिश भी की गई। संघर्ष में देशराज समेत दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हो गए। खबर मिलने के बाद थाना सेक्टर-58 पुलिस के अलावा शहर के कई थानों की पुलिस, एसपी सिटी, सीओ, एसडीएम व एसएसपी मौके पर पहुंच गए।
हर हाथ में थे डंडे, पत्थर और असलहे
पुलिस ने राहुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद भगतराम व उसके रिश्तेदार मकानों में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। राहुल बीकॉम का छात्र था।
बड़े-बड़े अपार्टमेंट के बीच घिरे कनावनी गांव में सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर नौ बजे तक दोनों पक्षों में जैसे कानून का कोई डर ही नहीं था। हाथों में डंडे, पत्थर, वैध व अवैध असलहे लिए लोग गाली-गलौच करते हुए दूसरे पक्ष के लोगों को पीट रहे थे।
इस दौरान गलियों में चीख पुकार सुनकर ग्रामीण अपनी छत व घर से निकल आए, लेकिन ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद घर में दुबक गए। दहशत का आलम यह था कि मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीण कुछ बताने को तैयार नहीं हुए।
70 गज के प्लॉट ने उजाड़ा मांग का सिंदूर
महज सत्तर गज के एक प्लॉट के विवाद ने रीता (बदला नाम) की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया। उसके हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि पति की मौत हो गई।
चौदह फरवरी को ही सतवीर कसाना के पुत्र राहुल की शादी जगतपुर (दिल्ली) में रहने वाली रीता से हुई थी। गांव वालों के मुताबिक करोड़ों की संपत्ति के मालिक ससुराल वालों की सिर्फ सत्तर गज के एक प्लॉट को लेकर चल रही मूंछ की लड़ाई में रीता अपना सुहाग खो बैठी।
मारपीट के दौरान देशराज व उसके घर के पास रहने वाले अन्य भाइयों के घर में मौजूद महिलाएं बाहर आ गईं। उन्होंने मारपीट कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि भगतराम पक्ष के लोगों ने महिलाओं से मारपीट की। उन्हें घर में घुसकर पीटा गया।
पट्टे की जमीन पर विवाद
जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, वह ग्राम समाज की है। भगतराम पक्ष का दावा है कि कई साल पहले यह जमीन पट्टे पर दी गई थी। इस पर विवाद होने पर उन्होंने अदालत में केस डाला। अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। उस प्लॉट पर उनका अधिकार है।
रविवार को उन्होंने जमीन के विवाद को लेकर देशराज पक्ष के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं देशराज पक्ष के मुताबिक उन्होंने यह जमीन वकील रजिया खान से एक माह पहले खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री उनके पास है।
जब वे जमीन पर कब्जा लेने के लिए पहुंचे तो भगतराम पक्ष ने विवाद शुरू कर दिया। लेखपाल को बुलाकर मामला सुलझाया जाता, उससे पहले ही साजिश के तहत उन पर हमला बोल दिया गया।
गांव छावनी में तब्दील
संघर्ष के बाद गांव छावनी में तब्दील हो गया। अंदर और बाहर पुलिस की जीप व पीसीआर खड़ी थीं। दोपहर बाद गांव में पीएसी ने भी डेरा डालने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस ने आशंका जताई है कि राहुल की मौत से देशराज पक्ष आक्रोशित है। ऐसे में दोबारा कोई बड़ी घटना हो सकती है।
एसएसपी डॉ. प्रितिंदर सिंह ने बताया कि जमीन के विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट व फायरिंग हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नामजद रिपोर्ट दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच सीओ टू को दी गई है।