पैसों की चमक दिखाकर नितिन ने प्रियंका को फांसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के पॉश इलाके डिफेंस कॉलोनी में मॉडल व इवेंट मैनेजर एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका के पास से अंग्रेजी में लिखा एक सुइसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने पति व सास पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर दोनों को मौत का जिम्मेदार बताया है।
मृतका ने करीब ढाई महीने पहले ही पब मालिक एक युवक से प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से चंडीगढ़ की रहने वाली प्रियंका कपूर उर्फ मोंटी (25) पति नितिन चावला (35) के साथ ए-46, डिफेंस कॉलोनी में तीसरी मंजिल पर किराये के फ्लैट में रहती थी।
कुछ समय पूर्व प्रियंका मॉडलिंग करती थी
गुड़गांव सेक्टर-49 में इसका मायका है। प्रियंका के पिता अशोक कपूर गुड़गांव में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि मां किरण कपूर डिफेंस कॉलोनी में बुटीक चलाती हैं। लाजपत नगर पार्ट-1 में भी इनका एक और मकान है।
शादी से पूर्व प्रियंका लाजपत नगर में ही रहती थी। कुछ समय पूर्व प्रियंका मॉडलिंग करती थी, लेकिन बाद में उसने एक दोस्त के साथ मिलकर इवेंट मैनेजमेंट का काम शुरू किया।
वहीं, नितिन के पास दिल्ली में पंजाबी बाग, ग्रेटर कैलाश और चंडीगढ़ में पांच पब हैं। इसके अलावा उसका स्टील का बड़ा कारोबार है।
पब में इवेंट के दौरान नितिन से प्रियंका से मुलाकात हुई थी
परिवार के मुताबिक, 2015 में ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 स्थित पब में एक इवेंट के दौरान नितिन की प्रियंका से मुलाकात हुई थी। नितिन पहले से शादीशुदा था और उसके पास एक बेटा व बेटी भी थे।
नितिन को प्रियंका से प्रेम हो गया। पहली पत्नी को दिसंबर में तलाक देकर नितिन ने प्रियंका से छह जनवरी 2016 को शादी कर ली। पुलिस को दिए बयान में प्रियंका की बहन डिम्मी कपूर ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही नितिन ने उसकी बहन के साथ मारपीट करते हुए दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया।
उसकी सास भी उसे परेशान करने लगी। अक्सर फोन पर प्रियंका अपनी बहन को इस बारे में बताती थी। होली वाले दिन आखिरी बार परिवार की प्रियंका से बात हुई थी।
शुक्रवार रात को प्रियंका की मां ने जब कॉल किया, तो उसने फोन नहीं उठाया। इस पर देर रात करीब 12:30 बजे मां उसके घर पहुंच गईं। उन्होंने देखा कि प्रियंका के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो प्रियंका बेड पर घुटनों के बल पंखे से लटकी थी। फांसी लगाने से पूर्व उसने हाथ की नस काटने का भी प्रयास किया था।
उसके पास से मिले सुइसाइड नोट में उसने पति व सास को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। वहीं, प्रियंका के परिजनों ने पति व सास पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर पति नितिन चावला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
पैसे की चमक दिखाकर प्रियंका को किया था नितिन ने प्रभावित
नितिन और प्रियंका की वर्ष 2015 में जीके पार्क-2 स्थित उसके पब सिनेमा लाउंज में मुलाकात हुई थी। पहली बार देखते ही वह प्रियंका पर लट्टू हो गया था। नितिन का परिवार व उसकी पत्नी मीराबाग, पश्चिम विहार में रहते थे।
नितिन ने प्रियंका के लाजपत नगर स्थित घर आना-जाना शुरू कर दिया। वह उसे महंगे-महंगे तोहफे देने लगा। कुछ ही दिनों बाद उसने प्रियंका से शादी का प्रपोजल भी रख दिया। पहले से शादीशुदा होने की वजह से प्रियंका और उसके माता-पिता तैयार नहीं थे।
नितिन अपनी पत्नी को तलाक लेकर उससे शादी करने की बात करने लगा। दिसंबर में नितिन ने अपनी पत्नी को तलाक दिया, तो प्रियंका शादी के लिए तैयार हो गई। प्रियंका को प्रभावित करने के लिए उसने डिफेंस कॉलोनी में किराये पर फ्लैट भी ले लिया।
पहली पत्नी के बच्चों को साथ रखने का दबाव बना रहा था नितिन
शादी के दो-तीन दिन बाद ही नितिन ने प्रियंका के साथ बुरा बर्ताव करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह प्रियंका पर पहली पत्नी के दस साल के बेटे और आठ साल की बेटी को अपने साथ रखने का दबाव बना रहा था।
प्रियंका इसके लिए तैयार नहीं थी। प्रियंका फोन पर अक्सर अपनी बहन को सारी बात बताती थी। नितिन प्रियंका पर दहेज के लिए भी दबाव बनाता था। इसका जिक्र प्रियंका ने अपने सुइसाइड नोट में भी किया है।
शादी के बाद से ही नितिन ने प्रियंका के ऊपर घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी थी। वह उस पर काम छोड़ने का दबाव भी बना रहा था। डिम्पी ने बताया कि प्रियंका अपने घर में कैद होकर रह गई थी।
प्रियंका को परिवार से नहीं मिलने देता था नितिन
आखिरी बार उसकी होली वाले दिन दोपहर दो बजे मां से बात हुई थी। प्रियंका काफी डरी हुई थी। मां ने जब दोबारा कॉल किया, तो उसने फोन नहीं उठाया। अगले दिन भी जब प्रियंका का फोन नहीं उठा, तो रात को मां उसके घर पहुंची।
नितिन ने बताया कि प्रियंका ने अपने-आप को कमरे में कैद किया हुआ है। शक होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कमरे से प्रियंका का शव बरामद किया।
नितिन का कहना था कि शुक्रवार शाम तक प्रियंका ठीक थी।