नाबालिग कार चालक ने खेलते हुए दो मासूमों को कुचला, दर्दनाक हादसे में एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाहरी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में कार आगे-पीछे कर रहे नाबालिग लड़के ने दो मासूमों को कुचल दिया। दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक की शिनाख्त निखिल (8) के रूप में हुई है, जबकि निहाल (3) का इलाज जारी है। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने निखिल के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से गांव नीभी, बधोरी, हरदोई, यूपी निवासी निखिल व निहाल परिवार के साथ प्रेम विहार, नंगली डेयरी, नजफगढ़ में रहते थे। इनके परिवार में पिता संदीप सिंह व मां और अन्य सदस्य हैं। संदीप सब्जियां बेचता है।
दोनों भाई धूप में बैठे हुए थे
निखिल दूसरी कक्षा में पढ़ता था। सोमवार सुबह करीब 10.40 पर घर के पास ही खाली प्लॉट में दोनों भाई धूप में बैठे हुए थे। वहीं पड़ोस में रहने वाला नाबालिग अपने पिता की स्विफ्ट डिजायर कार साफ कर रहा था।
कार साफ करने के दौरान नाबालिग स्टार्ट कर कार को आगे पीछे कर रहा था। अचानक उसने कार को पीछे की तरफ तेज गति से चला दिया। वहीं दीवार के पास बैठे दोनों भाई निखिल व निहाल उसकी चपेट में आ गए।
नाबालिग कार छोड़कर फरार हो गया। वहीं माता-पिता अन्य लोगों की मदद से घायल निखिल व निहाल को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां निखिल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं निहाल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।