दिल्ली में एक ही दिन में मणिपुर के दो छात्रों की मौत
दिल्ली में बृहस्पतिवार को नॉर्थ-ईस्ट के दो छात्रों की मौत हो गई। पहली घटना कोटला मुबारकपुर इलाके की है जहां एक मणिपुरी युवक की लाश उसके कमरे से बरामद की गई।
बताया जाता है कि बुधवार रात में घर के मकान मालिक ने छात्र के मौत की सूचना पुलिस को दी थी। जबकि मणिपुर के ही एक युवक शुनी की मौत मालवीय नगर में हो गई। हालांकि शुनी की मौत कैसे हुई इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
मणिपुर से आया 33 वर्षीय पीएचडी छात्र जिंगराम केंगू दिल्ली के मुबारकपुर इलाके में किराए के मकान में रहता था। बुधवार की रात छात्र की लाश उसके कमरे से बरामद हुई। हालांकि इस मामले में पुलिस को हत्या का शक है।
दूसरी घटना में मृत पाया गया मणिपुरी युवक शुनी दिल्ली यूनिवर्सिटी के अरविंदो कॉलेज का छात्र है जो मालवीय नगर में रहता था। शुनी के मौत की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मकान मालिक के भाई ने देखी लाश
जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय जिंगराम केंगू टीआईएसएस से पीएचडी कर रहा था। वह मणिपुर से दिल्ली एक महीने पहले ही पीएचडी करने आया था।
जब मकान मालिक का भाई सुबह केंगू के कमरे में पहुंचा तो उसने केंगू की लाश जमीन पर मैट के ऊपर देखी। लाश की हालत बता रही थी कि केंगू की गला रेतकर हत्या की गई है।
केंगू की लाश मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने लूटपाट की आशंका से इंकार करते हुए इसे हत्या का मामला बताया है। पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अभी हाल ही में दिल्ली के सिकंदरपुर इलाके में 11 लोगों की भीड़ ने तीन नॉर्थ-ईस्ट के युवकों पर बुरी तरह हमला कर दिया था। भीड़ ने तीनों को बुरी तरह पीटकर अधमरा करने के बाद छोड़ दिया था।