खाली घरों का पता देकर ऑनलाइन ऑर्डर से लूटते थे सोने के सिक्के
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑनलाइन आर्डर कर सोने के सिक्के लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश पुलिस ने किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन बदमाशों का गिरफ्तार किया। गिरोह से जुड़े दो अन्य बदमाश पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। लूटपाट करने में एक आरोपी ने पत्नी की भी मदद ली थी।
एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि आरोपी सोने चांदी की ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट पर ऑर्डर कर खाली घरों का पता देकर डिलीवरी ब्वाय को बुलाकर उसे लूट लेते थे।आरोपियों की पहचान मनीष भाटी, गौरव अग्रवाल, पंकज कुमार, शाहरुख और शिवयंत गिरी के रूप में हुई। इनमें मनीष भाटी और गौरव फरार हैं। गौरव ग्रेटर नोएडा के एक कॉलेज में बीटेक का स्टूडेंट है, जबकि मनीष भाटी की सलारपुर में दुकानें और किराये पर कमरे हैं।
मनीष के मकान में किराये पर रहने वाला शिवयंत गिरी मूल रूप से अमरोहा का रहने वाला है। शिवयंत फेस-2 स्थित एक कंपनी में लेबर है, जबकि मूल रूप से हापुड़ का रहने वाला शाहरुख भंगेल में वेल्डिंग की दुकान में काम करता है। वहीं पास में किराये के कमरे में रहता है। यह दोनों मनीष को जानते थे।
मनीष की पहचान पंकज से थी जो पहले भंगेल में ही रहता था। पंकज टैक्सी के रूप में चलाई जा रही इटियोस कार का ड्राइवर था। उसने ग्रेटर नोएडा के ही एक इंस्टीट्यूट से मेकैनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया था। उसी दौरान उसकी जान पहचान वहीं के एक कॉलेज से बीटेक कर रहे गौरव नाम के युवक से हुई।
बीटेक स्टूडेंट समेत दो बदमाश पुलिस की गिरफ्त से दूर
एसपी सिटी का दावा है कि आरोपियों को एक सूचना के आधार पर सेक्टर-39 पुलिस ने सेक्टर-45 स्थित आम्रपाली तिराहे के पास से इटियोस कार में घूमते समय रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया।
ऐसे रची लूट की साजिश
पूछताछ में आरोपी पंकज ने पुलिस को बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी। पढ़ाई के समय उसकी दोस्ती बीटेक कर रहे गौरव से हुई थी। गौरव से रुपये मांगने पर उसने कहा कि उसके पास रुपये नहीं हैं।
लेकिन वह कहीं से इंतजाम कर लेगा। उसने ऑनलाइन आभूषण शॉपिंग वेबसाइट पर 5 सोने के सिक्कों का ऑर्डर दिया। पंकज को अपने साथ तीन चार लड़के साथ ले जाकर डिलीवरी ब्वाय को लूटने के लिए कहा।
20 जनवरी को सेक्टर-137 के पते पर पहुंचे डिलीवरी ब्वाय ने पंकज के मोबाइल नंबर पर कॉल की तो उसने जेपी हॉस्पिटल सेक्टर-128 के पास होने की बात कही। वहां पहुंचने पर पंकज ने मनीष भाटी, शाहरुख व शिवयंत के साथ मिलकर डिलीवरी ब्वाय से सोने के सिक्के समेत बैग लूट लिया। बदमाश बाइक और स्कूटी पर सवार होकर भाग गए। पंकज ने बिना गौरव की मदद के ऑर्डर कर डिलीवरी ब्वाय से 6 जून को सेक्टर-99 में दो सोने के सिक्के समेत बैग लूट लिया था।
इस बार पंकज इटियोस गाड़ी लेकर गया था। डिलीवरी के लिए यह लोग ऐसे घरों का पता देते थे जो बंद होते थे। दूसरी बार में पंकज ने डिलीवरी ब्वाय से बात करने के लिए पत्नी की मदद ली। आरोपियों के पास से लूटे गए 30 ग्राम सोने के सिक्के, एक तमंचा, दो मोबाइल और एक इटियोस कार मिली है।