ताश खेलने के दौरान हुआ झगड़ा, युवक की पीट-पीटकर की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीरी गेट इलाके में सोमवार रात ताश खेलने के दौरान हुए झगड़े में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान वहां काफी लोग जमा हो गए लेकिन किसी ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की।
वारदात को अंजाम देकर दोनों बदमाश भागने लगे। इसी दौरान लोनी निवासी सचिन ने बदमाशों का पीछा कर अन्य लोगों की मदद से आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मौहल्ला गढ़ी जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश निवासी सोनू और गांव जान सिंह गढ़ी, आगरा, उत्तर प्रदेश निवासी आकाश के रूप में हुई है। मरने वाले युवक की पहचान छोटू (30) के रूप में हुई है।
पुलिस छोटू के परिजनों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार सचिन(38) सपरिवार धर्मपुरा लोनी गाजियाबाद में रहता है। वह कश्मीरी गेट यमुना पुश्ता स्थित एक ढाबे में काम करता है।
सोमवार रात वह किसी काम से समाधि स्थल की ओर जा रहा था। सचिन ने देखा कि दो लोग एक युवक को लकड़ी के फट्टे से सिर पर वार कर रहे हैं।
भाग रहे बदमाशों को युवक ने पीछा कर दबोचा
घटना के दौरान वहां काफी लोग जमा थे लेकिन किसी ने भी युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया। आरोपी युवक को अधमरा कर वहां से कुदेशिया घाट की ओर भागने लगे।
सचिन शोर मचाता हुआ दोनों आरोपियों के पीछे भागा और अन्य लोगों की मदद से दोनों को दबोच लिया। दोनों आरोपियों ने सचिन पर हमला करने का प्रयास किया लेकिन सचिन ने अपना बचाव करते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवक को हिरासत में ले लिया और जख्मी युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के हाथ में कुछ रुपये मिले।
जांच में पता चला कि तीनों नशे के आदी है। स्थानीय लोग मरने वाले को छोटू के नाम से पुकारते थे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसके परिजनों की पहचान करने में जुटी है।
उधर, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक ताश खेलने के दौरान उनके साथ धोखाधड़ी कर रुपये ठग लिया था। इसलिए उनलोगों ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।