'धूम 3' से मिलती है इस ठग की कहानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने खुद को आईपीएस अफसर बताने वाले एक शख्स को तैमूर नगर इलाके से धर दबोचा। इसकी पहचान केरल निवासी साजी कुमार उर्फ अजित कुमार (38) के रूप में हुई।
आरोपी ने आईएनए के एक बड़े होटल मालिक को धमकाकर अपने हमशक्ल भाई को मोटी सैलरी पर नौकरी देने की बात कही और बाद में खुद कुक की नौकरी करने लगा।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें ठगी की शिकायतें मिल रही थीं।
इसका भी हमशक्ल भाई
अजित कुमार नाम का कोई शख्स खुद को सीबीआई का आईजीपी बताकर लोगों को ठग रहा था। शुक्रवार को आईएनए में दक्षिण भारतीय होटल चलाने वाले जॉर्ज कुट्टी ने अपराध शाखा से शिकायत की।
उसने बताया कि अजित कुमार दिसंबर 2013 में आया था और उसे धमकाकर अपने हमशक्ल भाई साजी कुमार को कुक की नौकरी पर रखवाया था। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में पता चला कि साजी और अजित एक ही शख्स है। वह मलयालम फिल्मों के स्टार सुरेश गोपी से प्रभावित था। साजी ने फिल्मों में सुरेश गोपी को इसी तरह नकली आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों को ठगते हुए देखा था।
गर्लफ्रेंड के कहने पर आया था दिल्ली
दसवीं तक पढ़ाई पूरी करने के बाद साजी ने बंगलूरू से कुकिंग का कोर्स किया। इसके बाद उसने दक्षिण भारत के कई होटलों में नौकरी की। उसकी केरल की एक गर्लफ्रेंड गुड़गांव के एक नामी अस्पताल में नौकरी करती थी। उसने साजी को दिल्ली आकर बढ़िया नौकरी करने की बात कही थी।
इसके बाद वह दिल्ली आ गया। यहां उसने एक लाख रुपये का लोन लिया, लेकिन चुका नहीं पाया। इसके बाद उसने आईपीएस अधिकारी बनकर ठगी करने की योजना बनाई। एक बार साजी गर्लफ्रेंड के अस्पताल भी पहुंच गया।
वहां उसने सीबीआई जांच की बात कहकर अस्पताल प्रशासन को डराया। पुलिस पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि साजी इस तरह की कितनी और घटनाओं में शामिल रहा है।