बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामला : पुलिस अफसरों ने डीआईजी से छुपाई घटना
- पुलिस अफसरों ने डीआईजी से छुपाई घटना
- फेस-3 थाने के मुआयने के दौरान डीआईजी नोएडा पुलिस अधिकारियों पर बिफरी
- एसपी सिटी को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया
विस्तार
मेरठ रेंज की डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने दो दिवसीय दौरे के दौरान बृहस्पतिवार को फेस-3 थाने का मुआयना किया। इस दौरान उनसे पूछा गया कि बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले में फरार आरोपी विनोद डेढ़ा को पुलिस 20 दिन बाद भी गिरफ्तार क्यों नहीं कर पाई। डीआईजी मीडिया को इस सवाल का जवाब नहीं दे सकी।
इस बारे में नोएडा के पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जानकारी नहीं दी थी। डीआईजी ने एसपी सिटी दिनेश यादव से पूरी घटना के बारे में पूछा और मीडिया को आश्वस्त किया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। लगातार हो रही लूट, रेप आदि घटनाओं को लेकर डीआईजी ने एसपी सिटी, डीएसपी डॉ. अनूप कुमार और एसएचओ पंकज पंत को निर्देश दिए कि घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास करें।
छिजारसी और चोटपुर में निजी कंपनी के कर्मचारियों से लगातार लूट हो रही है। इसकी शिकायत डीआईजी से लोगों ने की। उन्होंने लोगों से पुलिस कार्यशैली के बारे में बातचीत की। लूट की जानकारी पाकर उन्होंने डीएसपी डॉ. अनूप कुमार को टास्क फोर्स बनाकर गश्त कराने और बदमाशों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। थाने के मालखाने का रखरखाव और बेहतर करने की सलाह एसएचओ को दी। डीआईजी ने कहा कि दरोगा अख्तर खान को गोली मारने वाले जावेद को पकड़ने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
उन्होंने पुलिस हिरासत से फरार अंकित गुर्जर पर जल्द इनाम घोषित करने की बात कही। नोएडा के डीएसपी के खिलाफ 30 लाख रुपये लेने की जांच के संबंध में डीआईजी ने कहा कि यह जांच आईजी मेरठ जोन सुजीत पांडे कर रहे हैं। ऐसे में वह उनसे पूरी जानकारी ले कर वह मीडिया को जानकारी देंगी।