पड़ोसी ने ऑटो चालक को कुल्हाड़ी से काट डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के इंद्रपुरी में देर रात कुल्हाड़ी से मारकर ऑटो चालक हरीश कुमार (32) की हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले दिनेश पर हत्या का आरोप लगाया है।
वहीं आरोपी ने बृहस्पतिवार को नांगलोई थाने में आत्मसमर्पण कर दिया, हालांकि इंद्रपुरी पुलिस अभी गिरफ्तारी से इनकार कर रही है। पुलिस दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मूलत: राजस्थान निवासी हरीश परिवार के साथ डी-ब्लॉक इंद्रपुरी में रहता था। हरीश का बड़ा भाई पिंकी भी साथ रहता है। बुधवार रात 10:30 बजे हरीश पास के दुकान से दूध लेने गया था। जहां हमलावर उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर भाग गया।
पिंकी ने बताया कि पांच साल पहले एक विवाह समारोह में हरीश का दिनेश के छोटे भाई भोलू से झगड़ा हो गया था। इसके बाद से दोनों परिवारों में अक्सर झगड़ा होता रहा है। हत्या का मामला दर्जकर पुलिस जांच कर रही है।
गला रेतकर युवक की हत्या
वहीं, गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पड़ोसी व्यक्ति ने गोविंदा (24) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस हत्या का मामला दर्ज आरोपी सुरजीत की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक एफ-286, नौ ब्लॉक, गीता कॉलोनी निवासी गोविंदा प्राइवेट नौकरी करता था। बृहस्पतिवार को छुट्टी होने की वजह से वह घर पर था। दोपहर को पड़ोसी सुरजीत घर के पास लगे केले के पेड़ से पत्ते काट रहा था।
गोविंदा ने ऐसा करने से मना किया। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि सुरजीत ने गोविंदा की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और फरार हो गया। परिजन घायल गोविंदा को अस्पताल ले गए, जहां शाम को उसकी मौत हो गई।
सुप्रीम कोर्ट के बाहर लीगल एडवाइजर हमला
अति सुरक्षित सुप्रीम कोर्ट के बाहर एक कंपनी के कानूनी सलाहकार पर जानलेवा हमले में पीड़ित ने हमलावर एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि शोर सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने दो अन्य बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
तिलक मार्ग थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार शैल्यामंजू सिंह सपरिवार अंधेरी ईस्ट मुंबई में रहते हैं। वह एक प्राइवेट कंपनी के कानूनी सलाहकार हैं। गत 3 नवंबर को वह दोपहर में सुप्रीम कोर्ट के गेट संख्या सी से बाहर आकर टैक्सी कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक शोर मचाते हुए उनकी ओर लपके और खींचकर पीटना शुरू कर दिया।
मना करने के बाद भी आता है पैरवी पर
हमलावरों ने चाकू निकाल कर उन पर हमला करने की कोशिश की। चाकू पकड़े हुए युवक को शैल्यामंजू ने दबोच लिया और शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। यह देखकर आसपास के लोग वहां जमा हो गए और भाग रहे अन्य दो बदमाशों को भी दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान मुनिरका निवासी अनूप दास, महरौली निवासी नितिन और वसंत विहार निवासी अजय के रूप में हुई।
शैल्यामंजू ने पुलिस को बताया कि हमलावर कह रहे थे कि हमारे बॉस ने कई बार इस वकील को मामले की पैरवी करने से मना किया है, बावजूद यह हर बार पैरवी करने के लिए कोर्ट पहुंच जाता है। इसलिए आज इसे जान से मार देते हैं। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।