गुस्साए पति ने पत्नी को पहले जमकर पीटा, फिर गला घोंटकर की हत्या
रविवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। शुरुआत में पुलिस आशंका जता रही थी कि झगड़े के दौरान पूनम की चोट लगने से मौत हुई, लेकिन बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी पति बबलू फिलहाल फरार है। स्वरूप नगर थाना पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, शाहजहांपुर की रहने वाली पूनम अपने पति बबलू के साथ स्वरूप नगर में रहती थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने किया हत्या का मामला दर्ज
200 में बबलू से शादी होने के बाद इनके यहां नौ व पांच साल के दो बच्चे हैं। बबलू स्वरूप नगर बाईपास के पास ट्रक बॉडी बनाने का काम करता था। पूनम को शक था कि उसके किसी अन्य महिला के साथ संबंध हैं।
इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा होता था। रविवार रात को पूनम व बबलू का झगड़ा हुआ था। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्चों ने पड़ोसियों को सूचना दी थी। पूनम को अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पिटाई करने के बाद बबलू ने पूनम का गला भी घोंटा था। वहीं छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि पूनम के परिजनों ने बबलू के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की भी शिकायत की हुई थी। फिलहाल, पुलिस बबलू की तलाश कर रही है।