दिल्ली में थम नहीं रहा कोरोना संक्रमण, पहली बार 24 घंटे में एक हजार से ज्यादा केस
दिल्ली में पहली बार एक दिन में कोरोना के एक हजार से ज्यादा मामले सामने आए। दिल्ली सरकार द्वारा जारी किये गए आंकड़े के मुताबिक गुरुवार को एक दिन में 1024 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 16281 हो गई है। हालांकि, 7495 लोगों ने अभी तक स्वास्थ्य लाभ कर लिया है जिससे इस समय कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या केवल 8470 हो गई है। कोरोना के कारण अब तक 316 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
दिल्ली के लिहाज से अभी यह अच्छी बात कही जा सकत है कि 8470 सक्रिय मामलों में केवल 197 मरीजों को आईसीयू की जरुरत पड़ी है तो केवल 31 लोगों को ही वेंटीलेटर का सपोर्ट लेना पड़ा है। कुल सक्रिय लोगों में 4227 लोगों को उनके घरों पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। इस प्रकार ज्यादा गंभीर बीमार लोगों की संख्या कम होने के कारण सभी के लिए पर्याप्त उपचार की व्यवस्था हो पा रही है। सरकार ने आज तक कोरोना के कुल 191,977 टेस्ट किए हैं।
कंटेनमेंट जोन में फिर वृद्धि
दिल्ली में कोरोना संक्रमित पाए जाने वाली एरिया को केंटेनमेंट जोन घोषित किया जा रहा है। इसकी संख्या अधिकतम 102 तक पहुंचने के बाद घटने लगी थी क्योंकि जिन क्षेत्रों में नए मामले सामने नहीं आ रहे थे, उन्हें केटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया जा रहा था। यह संख्या घटते हुए 78 तक पहुंच चुकी थी, लेकिन कोरोना के मामलों में अचानक बढ़ोतरी होने के कारण यह एक बार फिर बढ़ने लगी है। गुरुवार के आंकड़ों में कंटेनमेंट जोन की संख्या एक बार फिर बढ़कर 100 हो गई है।