दिल्ली के बुजुर्गों में तीन गुना ज्यादा है कोरोना की मृत्यु दर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में कोरोना वायरस का ग्राफ लगातार घट-बढ़ रहा है। हालांकि, इसमें एक ग्राफ ऐसा भी है जो शुरुआत से अब तक एक जैसी समानता के साथ बढ़ रहा है। यह ग्राफ है दिल्ली के संक्रमित बुजुर्ग मरीजों का। दिल्ली में अब तक 54 लोग उपचार के दौरान दम तोड़ चुके हैं। इनमें 54 फीसदी 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के थे। बाकी मरीजों की तुलना में बुजुर्गों में कोरोना की मृत्यु दर तीन गुना ज्यादा है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोरोना वायरस की वजह से जिन मरीजों की मौत हुई है उनमें 6.16 फीसदी 60 वर्ष की आयु से अधिक वाले मरीज हैं, जबकि 50 वर्ष से कम आयु के मरीजों में कोरोना की मृत्यु दर 0.58 और 50 से 59 वर्ष वालों में 3.54 फीसदी दर्ज की गई है। 26 अप्रैल तक दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या 2918 तक पहुंच गई। दिल्ली में कोरोना वायरस की मृत्यु दर 2.06 फीसदी दर्ज की गई है।
85 फीसदी को पहले से थी बीमारी
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राजधानी में 85 फीसदी लोगों की मौत कोरोना वायरस से नहीं, बल्कि दूसरी वजहों से हुई है। दुर्भाग्य से यह मरीज कोरोना की चपेट में आ गए थे। 54 में से 46 मृतक ऐसे हैं जिन्हें कोरोना संक्रमण से पहले ही गंभीर रोग थे। संक्रमण के बाद इन मरीजों की स्थिति बिगड़ने लगी थी। हार्ट, किडनी और कैंसर आदि रोग शामिल हैं।
राहत : दिल्ली में हर तीसरा मरीज हो रहा स्वस्थ
कोरोना को लेकर एक राहत की खबर यह भी है कि दिल्ली में हर तीसरा कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर घर जा रहा है। दिल्ली में अब तक 869 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। अन्य देशों की तुलना में दिल्ली में रिकवरी दर भी काफी ज्यादा है। करीब 34 फीसदी रिकवरी दर से दिल्ली में मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। इन्हीं में कुछ दिन पहले लोकनायक अस्पताल में भर्ती 72 वर्षीय मनमोहन सिंह भी स्वस्थ होकर वापस घर गए थे।
सरकारी रिपोर्ट में 492 सैंपल का जिक्र नहीं
स्वास्थ्य विभाग की सरकारी रिपोर्ट में 492 सैंपल का जिक्र नहीं है। इस रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में अब तक 35519 सैंपल लिए जा चुके हैं। बताया गया है कि दिल्ली में 2625 पॉजिटिव, 28693 निगेटिव और 3709 लंबित रिपोर्ट हैं। इन तीनों का योग करें तो 35,027 सैंपल की जानकारी मिलती है, जबकि रिपोर्ट में कुल सैंपल 35519 हैं। ऐसे में बड़ा सवाल है कि आखिर 492 सैंपल की जानकारी क्यों नहीं है? इस सवाल पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत में कुछ ही संस्थानों में सैंपलिंग हो रही थी। इसलिए उनकी जारी रिपोर्ट इसमें शामिल नहीं है, जबकि आईसीएमआर के अनुसार हर सैंपल की जानकारी शुरुआत से ही डिजिटल प्लेटफार्म पर एकत्रित की जा रही है।
दिल्ली में उम्रवार मृत्यु दर
उम्र मृत्यु दर (फीसदी में)
50 से कम 0.58
50 से 59 3.54
60 या उससे अधिक 6.16
कुल 2.06
दिल्ली में संक्रमित मरीजों की उम्रवार स्थिति
उम्र संक्रमित मरीज
50 से कम 1730
50 से 59 424
60 या उससे अधिक 471
कुल 2625
कोरोना से मरने वालों में पहले से रोगी
मृतक पहले से रोगी फीसदी
54 46 85.16