अब नहीं चलेंगी फर्जी पते पर कंपनियां, सीएम केजरीवाल ने लांच किया ऐप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को व्यापारियों के लिए डी-वैट एमसेवा ऐप लांच किया। वैट रजिस्ट्रेशन, डीएस-2 फॉर्म भरने, कार्यालय का पता बदलने समेत अन्य सुविधाएं 24 घंटे व्यापारियों को ऐप पर मिलेंगी।
केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इस ऐप से इंस्पेक्टर राज और भ्रष्टाचार खत्म होगा। 24 घंटे आवेदन की सुविधा होगी, तो दूसरी तरफ एक ही पते पर चलने वाली कई फर्जी कंपनियों का धंधा भी बंद होगा।
मोबाइल पर कुछ अन्य सेवाएं भी शुरू होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैट पंजीकरण की 41 हजार अर्जियां लंबित हैं, क्योंकि उसमें कार्यालय के पते का निरीक्षण इंस्पेक्टर की तरफ से किए जाने की अनिवार्यता है। जो कई बार जांच करने की बजाय ले देकर भी सब कुछ कर देता है।
अब मानव संपर्क खत्म करने और एमसेवा ऐप से ऐसी दिक्कत नहीं रहेगी। पता और फोटो डालने से इलेक्ट्रॉनिक लोकेशन ऐप में आ जाएगी। दूसरे विभागों के डाटा के साथ इंटीग्रेशन भी होगा। ऐप शुरू होने से व्यापारी खुद रजिस्टर हो सकेगा।
'ऐप से खत्म होगा इंस्पेक्टर राज व भ्रष्टाचार'
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग भाजपा को व्यापारियों की पार्टी कहते थे, लेकिन अब व्यापारी कहते हैं कि वोट लेने के बाद वो नहीं देखते और भूल जाते हैं। अब तो आम आदमी पार्टी ही व्यापारियों की पार्टी है।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव केके शर्मा ने कहा कि सरकार डिजिटल हो रही है। वैट, दिल्ली जल बोर्ड समेत कई विभागों ने अपने ऐप लांच किए हैं, अभी कई पाइपलाइन में हैं।
कॉल सेंटर से सुलझेंगी दिक्कतें
दिल्ली सरकार व्यापारियों की हर तरह की दिक्कतें कॉरपोरेट जगत की तर्ज पर टोल फ्री कॉल सेंटर से सुलझाएगी। व्यापार एवं कर विभाग जल्द ही 30 लाइन का एक कॉल सेंटर शुरू करने जा रही है, जो हेल्प डेस्क व शिकायत कक्ष की तरह काम करेगा।
प्राइवेट एग्जीक्यूटिव के साथ संचालित कॉल सेंटर के कर्मियों को वैट डिपार्टमेंट प्रशिक्षित भी कर रहा है। वैट आयुक्त एसएस यादव ने बताया कि कॉल सेंटर का ट्रायल चल रहा है। कॉल सेंटर नंबर 155055 नए बिजनेस शुरू करने और पंजीकृत डीलर्स की दिक्कतें सुलझाने का काम करेगा। जल्द ही कॉल सेंटर लांच किया जाएगा।