ड्रिंक एंड ड्राइव ने ली पावर लिफ्टिंग के वर्ल्ड चैंपियन सहित 5 की जान, डिवाइडर से भिड़ी थी कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-पानीपत हाईवे पर अलीपुर के पास रविवार तड़के घने कोहरे की वजह से हुए सड़क हादसे में कार में सवार पावर लिफ्टिंग के तीन खिलाड़ियों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले सक्षम यादव को एम्स रेफर किया गया था जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि रोहित उर्फ बाली का सेंट स्टीफन अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग दोस्त के जन्मदिन की पार्टी करने के बाद खाना खाने हरियाणा के सोनीपत में स्थित मुरथल जा रहे थे और इस दौरान उनकी कार सिंघु बॉर्डर के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर व खंभे से टकरा गई।
टक्कर लगने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कार में शराब की बोतलें मिली हैं। जांच की जा रही है कि मृतकों और घायलों ने शराब पी रखी थी या नहीें। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
डॉक्टरों ने छह में से चार को मृत घोषित किया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तड़के सवा चार बजे सूचना मिली कि सिंघु बॉर्डर के पास एक कार डिवाइडर से टकरा गई है। हादसे में कार में सवार छह लोग जख्मी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर पास ही स्थित राजा हरिशचंद्र अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने तिमारपुर निवासी टीकमचंद (27), सौरभ (18), योगेश (24) और हरीश राय (20) को मृत घोषित कर दिया।
जबकि गंभीर रूप से घायल सिविल लाइंस निवासी सक्षम यादव (28) ने एम्स में दम तोड़ा और तिमारपुर निवासी रोहित उर्फ बाली को शालीमार बाग के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया।
रोहित का फिलहाल सेंट स्टीफन अस्पताल में इलाज चल रहा है। जांच में पता चला कि सभी लोग रातभर टीकमचंद के जन्मदिन की पार्टी मनाकर मुरथल ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे।
गाड़ी में मिली शराब की बोतलें, तेज रफ्तार थी कार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कार में शराब की बोतलें मिली हैं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि कार की तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ है। रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खंभे से टकराने के बाद कार की छत उखड़कर खंभे के पास ही रह गई थी।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर मौजूद चश्मदीद शशिकांत का कहना है कि हादसे के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी। दिल्ली की ओर से आ रही कार सीधी डिवाइडर से टकराने के बाद सीधी खड़ी हो गई और खंभे से टकराकर कई पलटी खाने के बाद सड़क पर आ गई।
चश्मदीद की माने तो इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार डिवाइडर से सट गई। हादसा होते ही बॉर्डर पर खड़ी पीसीआर वैन तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों और घायलों की प्रोफाइल
- टिकमचंद (मृत): परिवार समेत संजय बस्ती तिमारपुर में रहता था। वह स्टेट व नेशनल लेवल की पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुका था।
- सौरभ (मृत): सपरिवार संजय बस्ती तिमारपुर में रहता था। वह जिम में हेल्पर का काम करता था।
- योगेश उर्फ आकाश(मृत): सपरिवार संजय बस्ती तिमारपुर में रहता था। वह टीकमचंद का साला था और प्राइवेट वीडियो कैमरा ऑपरेटर था।
- हरिश राय (मृत): सपरिवार संजय बस्ती में रहता था। वह एसओएल से बीए की पढ़ाई कर रहा था। जिम में पॉवर लिफ्टिंग की प्रैक्टिस करता था।
- सक्षम यादव (उपचाराधीन): सपरिवार डीआरडीओ ऑफिस अपार्टमेंट सिविल लाइंस में रहता है। वह पॉवर लिफ्टिंग में जूनियर लेवल में स्टेट और नेशनल व वर्ल्ड चैंपियन रह चुका है। वह वर्ष 2016 में स्लोवाकिया और 2017 में मास्को में आयोजित वर्ल्ड पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में शामिल हुआ और गोल्ड मेडल जीता।
- रोहित उर्फ बाली (उपचाराधीन): सपरिवार संजय बस्ती तिमारपुर में रहता है। वह स्टेट लेवल पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुका है। तिमारपुर में द जिम नाम के जिम में बतौर ट्रेनर काम करता है।