सीलिंग के खिलाफ नई रणनीति बनाएंगे व्यापारी, व्यापार संसद आयोजित करने पर विचार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीलिंग के खिलाफ धरना, प्रदर्शन, रैली, व्यापार बंद के बाद भी सरकार व्यापारियों की बातें नहीं सुन रही है। तमाम विरोध के बावजूद सीलिंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंड्स्ट्री (सीटीआई) नई रणनीति तैयार करने के लिए व्यापारियों से राय मांग रही है।
सीटीआई के संयोजक बृजेश गोयल का कहना है कि सीलिंग को लेकर एमसीडी, डीडीए व केंद्र सरकार से किसी तरह की कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। हमने चार बार दिल्ली बंद करके देख लिया, भूख हड़ताल भी व्यापारियों ने किया, सातों सांसदों व प्रधानमंत्री आवास का घेराव भी किया बावजूद सरकार व्यापारियों की बात मानने को तैयार नहीं है। ना तो सील हुई चार हजार दुकानों को डीसील किया गया और ना ही सीलिंग को रोका गया।
लिहाजा व्यापारियों ने तय किया है कि एक हजार ट्रेड एसोसिएशनों को बुलाकर एक व्यापार संसद का आयोजन किया जाए। बैठक में सभी व्यापारियों से राय ली जाए कि व्यापार बचाने के लिए क्या रणनीति तैयार की जाए। सीटीआई के महासचिव रमेश आहूजा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में किस तरक से अपना पक्ष रखा जाए, इस पर भी व्यापारियों से रायशुमारी की जा रही है।
कारोबारियों से मिलने अमर कॉलोनी पहुंचे मनोज तिवारी
सीलिंग के खिलाफ अमर कॉलोनी के व्यापारियों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। रविवार को भी बड़ी संख्या में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। व्यापारी सील किए गए दुकान को डिसील करने की मांग कर रहे थे। कई व्यापारियों का व्यापार चौपट होने से आंखों में आंसू छलक रहे थे। इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी अमर कॉलोनी पहुंचे।
तिवारी व्यापारियों व उनके परिजनों से मिले, जिनकी दुकानों को सील कर दिया गया है। इस मौके पर दक्षिण दिल्ली एमसीडी में नेता सदन शिखा राय समेत कई भाजपा नेता भी थे। तिवारी ने व्यापारियों को विश्वास दिलाया कि वह उनकी समस्याओं को हर स्तर पर उठाने में सहयोग देंगे। केंद्र सरकार व एमसीडी न्यायालय में भी व्यापारियों की बात रखेगी।
उन्होंने कहा कि अमर कॉलोनी की समस्या को मानवीय आधार पर देखा जाना चाहिए। यहां की सड़कें यातायात के लिए काफी चौड़ी हैं और अतिक्रमण की समस्या का समाधान भी संभव है। सुप्रीम कोर्ट की मॉनीटरिंग कमेटी को इस मामले के समयबद्ध कानूनी समाधान के लिए दुकानों की अस्थायी डीसीलिंग की इजाजत देनी चाहिए। अमर कॉलोनी व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय तनेजा ने मनोज तिवारी से कहा कि व्यापारियों का व्यापार खत्म होने से स्थिति खराब हो गई है।
केजरीवाल के अनशन स्थगित करने से आक्रोश : कैट
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नाम एक पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि खेद के साथ यह सूचित किया जाता है कि आपके द्वारा सीलिंग के खिलाफ अनिश्चितकालीन अनशन को स्थगित किए जाने से दिल्ली के व्यापारियों में आक्रोश है।
आपने अपना निर्णय लेने से पहले न तो व्यापारी वर्ग को विश्वास में लिया और न ही अमर कॉलोनी के व्यापारियों को अनशन स्थगित करने की कोई सूचना दी। अनशन के आयोजन के लिए किया गया प्रबंध धरा रह गया।
पत्र में यह भी कहा गया है कि अनशन की घोषणा राजनीति से प्रेरित थी ताकि व्यापारियों की सहानुभूति आप बटोर सकें। यह मुद्दा दिल्ली के लाखों व्यापारियों और उनके परिवारों से जुड़ा है। केवल सीलिंग पर रोक लगे काफी नहीं है बल्कि उसको रोकने के क्या सुझाव ओर रास्ते हैं यह बताना बेहद जरूरी है।