{"_id":"5c1fd9eabdec2257222dad25","slug":"boiler-cracked-in-garment-company-in-gururgram-7-workers-scorched","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुरुग्राम में गारमेंट कंपनी में बॉयलर फटा, 7 कर्मी झुलसे, अवैध रूप से हो रहा था काम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गुरुग्राम में गारमेंट कंपनी में बॉयलर फटा, 7 कर्मी झुलसे, अवैध रूप से हो रहा था काम
Mon, 24 Dec 2018 12:24 AM IST
vivek shukla
ब्यूरो, अमर उजाला, गुरुग्राम
ब्यूरो, अमर उजाला, गुरुग्राम
Published by: vivek shukla
Updated Mon, 24 Dec 2018 12:24 AM IST
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
उद्योग विहार थाना क्षेत्र के डूंडाहेड़ा में अवैध रूप से चल रही गारमेंट कंपनी में रविवार दोपहर बॉयलर फटने से 7 कर्मचारी झुलस गए। घायलों को नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से पांच की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
डूंडाहेड़ा निवासी देवेंद्र कुमार ने अपनी 5 मंजिला इमारत को अफोली मनोचा (कंपनी मालिक) को किराए पर दिया हुआ है। मनोचा ने इसमें स्वास्तिक वार्डरोज गारमेंट्स के नाम से कंपनी खोली हुई है। इस कंपनी को शुरू करने के लिए किसी भी विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी।
विज्ञापन
दोपहर करीब ढाई बजे कंपनी के बेसमेंट में 15 कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी दौरान बॉयलर फट गया। बॉयलर फटते ही बेसमेंट में आग लग गई, जिसमें 7 कर्मी झुलस गए।। घटना की सूचना दमकल व पुलिस को दी गई। पुलिस ने ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
वरिष्ठ दमकल अधिकारी ईशम सिंह कश्यप ने बताया कि गारमेंट कंपनी करीब 80 वर्ग गज की इमारत के बेसमेंट में चल रही थी। इस कंपनी को नियमों को ताक पर रखकर शुरू किया गया था। इसे शुरू करने से पहले दमकल विभाग से एनओसी नहीं ली गई थी। आग से कंपनी में रखा सामान जलकर खाक हो गया। उद्योग विहार थाना पुलिस का कहना है कि इस संदर्भ में कोई शिकायत नहीं मिली है।