सिसोदिया शिक्षा मंत्री हैं, शिक्षा के मालिक नहीं- डॉ. हर्षवर्धन
दिल्ली के स्कूलों में पीटीएम रद्द करने से जुड़ा पत्र उपराज्यपाल को लिखने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के निशाने पर आए केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दोनों नेताओं पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि मनीष सिसोदिया से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। कर्म में विश्वास रखता हूं, शिक्षा जगत मेरे बारे में भली-भांति जानता है।
डॉ. हर्षवर्धन ने एक ट्वीट कर यह भी कहा कि एक महीने बाद सिसोदिया व आम आदमी पार्टी का जो हाल होने वाला है उससे वह बौखलाए हुए हैं। सिसोदिया शिक्षा मंत्री है, शिक्षा के मालिक नहीं हैं। आम आदमी पार्टी की संस्कृति व उसकी भाषा का प्रयोग नहीं कर सकता। वोट की खातिर आम आदमी पार्टी बौखला गई है। घबरा गई और परेशान हो गई है। लोगों की समस्याओं को सही जगह तक पहुंचाना मेरी जिम्मेदारी है।
बुधवार को शिक्षक संघ के लोग मिलने पहुंचे थे। उनका कहना था कि चार जनवरी को दिल्ली सरकार ने पीटीएम बुलाया है। कड़ाके की ठंड में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर इस पीटीएम की तारीख को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उनकी समस्याओं को सुनकर सही जगह भेजना मेरा कर्तव्य है। इसलिए शिक्षकों के पत्र को उपराज्यपाल के पास भेजा गया है।
इधर, दिल्ली सरकारी स्कूलों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के साथ अब इन स्कूलों के छात्रों को हाईटेक बनाने की तैयारी में जुट गई है। दिल्ली सरकार राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस व सभी सरकारी स्कूलों के 11वीं व 12वीं के छात्रों को टैबलेट देने की तैयारी कर रही है। 10वीं कक्षा में 80 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को यह टैबलेट दिए जाएंगे। इनमें शिक्षा पर आधारित ऐप व शिक्षण सहायक सामग्री अपलोड होगी।
मालूम हो कि इससे पहले सरकार की ओर से शिक्षकों को भी टैबलेट दिए गए थे। अब शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रतिभावान छात्रों को टैबलेट देने का फैसला किया है। इस संबंध में निदेशालय ने राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस व सभी सरकारी स्कूलों के प्रमुखों को सर्कुलर भेजा है। सीबीएसई की दसवीं की बोर्ड परीक्षा में सरकारी स्कूलों के जो भी छात्र 80 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें टैबलेट दिए जाएंगे। निदेशालय ने स्कूल के कंप्यूटर साइंस (टीजीटी) शिक्षकों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि छात्रों को टैबलेट के साथ टैबलेट कवर, ओटीजी केबल व ईयर फोन उपलब्ध कराए जाएं।