आशियाना खोज रहे हैं तो सावधान हो जाइए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर आप नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आशियाना का सपना संजो रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। फर्जी बिल्डर आशियाने का ख्वाब दिखाकर आपकी मेहनत की कमाई को चट कर सकते हैं।
दरअसल, ग्रेनो क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। इन जगहों से दिल्ली और हरियाणा को चंद किलोमीटर की दूरी पर बताया जाता है। यही नहीं कई साल पहले जेवर से गायब हुए हवाई अड्डे को इन बिल्डरों ने आज तक जिंदा रखा है।
खरीदारों को साइट कहीं दिखाई जाती है और नक्शा कहीं का होता है। इन फर्जी बिल्डरों के पास न जमीन और न सेक्टर बसाने की कोई योजना लेकिन ऑफिस में सब कुछ दिखा दिया जाता है। ग्रेनो में करीब तीन से चार स्थानों पर ऐसे ही फर्जी प्रोजेक्ट चल रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों में एक फर्जी बिल्डर कंपनी द्वारा सैकड़ों लोगों से बुकिंग के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए हैं। कई लोगों से तो प्लॉट की पूरी पेमेंट तक ले ली। ऐसे ही एक खरीदार मुन्नी खातून का आरोप है कि जब उन्होंने साइट पर जाने की जिद की तो उन्हें याकूतपुर में जाकर एक खेत को दिखा दिया गया।
दो दिन बाद जब प्लॉट मालिक बनकर खेत पर बाउंड्री करने गए तो किसानों ने उन्हें दौड़ा दिया। उधर, किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन को कुछ लोगों ने छह माह के लिए किराए पर लिया था। उन्हें नहीं पता था कि इस जमीन को दिखाकर फर्जी बिल्डर लोगों को फंसा रहे हैं।
इन जगहों पर हैं फर्जी बिल्डर
बिल्डर द्वारा स्पोर्ट सिटी और नाइट सफारी को उक्त प्रोजेक्ट के सामने पेश किया गया है जबकि असल में वह जगह नोएडा में है। इसके अलावा हरियाणा को करीब 20 किलोमीटर और दिल्ली को 10 किलोमीटर की दूरी पर बताया गया है। इसी तरह का काम निर्माणाधीन एफएनजी पर किया जा रहा है।
तिगांव निवासी हरेंद्र सिंह का आरोप है कि उन्हें एफएनजी पर प्लॉट बेचा गया था, लेकिन ढाई साल से आज तक न तो बिल्डर का पता है और न ही किसी प्रोजेक्ट की निशां है। उन्होंने करीब नौ लाख रुपये दिए थे जिन्हें लेकर बिल्डर फरार हो गया है।
कई माह से आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। इस तरह का मामला मोमनाथल गांव में भी चल रहा है। कुछ लोगों द्वारा एक साइट दिखाकर वहां पर प्लॉटिंग की जा रही है। हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में भी भू माफिया द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है।
दादरी के रूपवास, डेरी स्कनर, धूम मानिकपुर और आसपास के क्षेत्र में माफिया द्वारा अवैध रूप से कालोनी काटी जा रही है। लेकिन इन कॉलोनियों पर न तो प्रशासन की नजर है और न ही प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा ध्यान दिया जा रहा है। इस संबंध में पिछले दिनों डीएम से भी कुछ लोगों ने शिकायत की थी। लेकिन आज तक उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
जिलाधिकारी एबी राजामौली ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में है। विधानसभा उपचुनाव के बाद इस पर कार्रवाई की जाएगी।