Delhi University: छात्रों के लिए राहत की खबर, एसओएल में दाखिला प्रक्रिया अगस्त से शुरू
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में दाखिला प्रक्रिया अगस्त के मध्य में शुरू हो सकती है। प्रशासन दाखिले शुरू करने के लिए 3 अगस्त की अकादमिक परिषद की होने वाली बैठक का इंतजार कर रहा है।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बारहवीं के नतीजे के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में दाखिले का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। दाखिला प्रक्रिया अगस्त के मध्य में शुरू हो सकती है। नियमों के बदलाव की वजह से इस बार दाखिला प्रक्रिया लंबी चलने की संभावना है।
प्रशासन दाखिले शुरू करने के लिए 3 अगस्त की अकादमिक परिषद की होने वाली बैठक का इंतजार कर रहा है। इसमें चार वर्षीय स्नातक प्रोग्राम के पाठ्यक्रम और ढांचे को रखा जाना है। इसके बाद पाठ्यक्रम और ढांचे को कार्यकारी परिषद की बैठक में रखा जाएगा। एसओएल के प्रिंसिपल और ओएसडी डॉ. उमा शंकर पांडेय ने बताया कि अकादमिक परिषद (एसी) की बैठक में नए सिलेबस और उसके ढांचे को मंजूरी के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यदि सब ठीक रहा तो अगस्त के मध्य से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
4 वर्षीय पाठ्यक्रम होगा लागू
इस बार डीयू में चार वर्षीय स्नातक कोर्सेज लागू होने जा रहा है। इसे अकादमिक काउंसिल की मंजूरी जरूरी है। दाखिले शुरू करनेे से पहले विद्यार्थियों को कोर्स व ढांचे का पता होना चाहिए। वहीं, तब तक डिस्टेंस एजुकेशन बोर्ड से सात नए कोर्सेज की मंजूरी भी मिल जाएगी। इस बार नियमित कॉलेजों में स्नातक स्तर के दाखिले सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेेस्ट) से हो रहे हैं। जबकि एसओएल में दाखिले एंट्रेस से नहीं होने हैं।
आईपीयू ने ऑनलाइन काउंसलिंग की आवेदन तिथि 28 तक बढ़ाई
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने कॉमन एंट्रेेस टेस्ट (सीईटी) आधारित 28 प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया की तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी28 जुलाई शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं। अब तक आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई थी। आरक्षित श्रेेणी के आवेदकों के दस्तावेज का ऑनलाइन सत्यापन 29 जुलाई शाम पांच बजे तक होगा। 28 प्रोग्राम के लिए आयोजित सीईटी में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए एक हजार रुपये फीस का भुगतान करना होगा। आईपीयू प्रशासन ने अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए समय सेे आवेदन करने की सलाह दी है।