छात्रा को दी सरेआम तेजाब डालने की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा के कॉलेज की एक छात्रा ने कासना कोतवाली में अपने साथी छात्रों पर एसिड अटैक करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
छात्रा का कहना है कि चार छात्र उसे कई महीनों से तंग कर रहे हैं। वह अश्लील फब्तियां कसते हैं और अपहरण का प्रयास भी कर चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और अगर ये सही पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। नॉलेज पार्क स्थित एनआईईटी कॉलेज में बनारस निवासी एक छात्रा पढ़ाई कर रही है।
उसने पुलिस में शिकायत की कि शुक्रवार को कॉलेज से बाहर निकली तो गेट पर चार छात्रों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने अपहरण का प्रयास किया।
इतनी सहम गई है छात्रा
शोर मचाने पर आसपास के छात्र आए तो वो फरार हो गए। छात्रा का कहना है कि उसी की क्लास में पढ़ने वाले इन छात्रों की वजह से वह चार महीने से क्लास में भी नहीं गई है। दोबारा क्लास में आना शुरू करते ही छात्रों ने फिर परेशान करना शुरू कर दिया है।
एचओडी ने नहीं की कार्रवाई
छात्रा का कहना है कि परेशानी के चलते वो दो बार सिम भी बदल चुकी है। इस मामले की शिकायत करने जब वो एचओडी के पास पहुंची तो उन्होंने भी कार्रवाई नहीं की और छात्रा को उसके आखिरी साल का हवाला देकर किसी विवाद में न पड़ने की सलाह दे डाली।
उधर, कॉलेज चेयरमैन ओपी अग्रवाल का कहना है कि शिकायत की जानकारी मिली है। मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। आरोपी छात्रों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।
एसएसपी बृजेश के मुताबिक छात्रा द्वारा दी गई तहरीर पर कॉलेज जाकर जांच की गई। छात्रा के सहपाठियों से बातचीत के दौरान प्रथम दृष्ट्या मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ है। छात्रा और आरोपी छात्रों के बीच आपसी विवाद है। जांच कराई जा रही है। आरोप सिद्ध हुए तो सख्त कार्रवाई होगी।