फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   AAP strongly protested against arrest of Manish Sisodia

Delhi Excise Policy: मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी पर आप का हल्ला बोल, विरोध-जाम और गिरफ्तारी, जानें कब क्या हुआ

Tue, 28 Feb 2023 04:47 AM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: आकाश दुबे Updated Tue, 28 Feb 2023 04:47 AM IST
सार

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अभी मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है, आगे अन्य नेताओं पर मुकदमे होंगे। लेकिन आप हर घर में मनीष सिसोदिया तैयार करेगी।

विज्ञापन
AAP strongly protested against arrest of Manish Sisodia
आप नेताओं का विरोध प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कथित शराब घोटाले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सोमवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के लिए सुबह करीब 11 बजे से ही कार्यकर्ता पार्टी के मुख्यालय में जुटना शुरू हो गए थे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, लेकिन सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पहुंचने में कामयाब रहे। विरोध-प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अभी मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है, आगे अन्य नेताओं पर मुकदमे होंगे। लेकिन आप हर घर में मनीष सिसोदिया तैयार करेगी। आप एक अरविंद केजरीवाल को लेकर जाओगे, 10 केजरीवाल आपको इस दफ्तर के अंदर बैठे मिलेंगे। पार्टी झुकेगी नहीं और रुकेगी नहीं। 

विज्ञापन


वहीं, विधायक आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगता है कि वह किसी को भी बिना सबूत और अपराध के जेल में डाल देंगे। जब तक उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल में हैं, तब तक हम संघर्ष करते रहेंगे। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आदिल खान ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली व देश के सबसे बेहतरीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को फर्जी केस में गिरफ्तार किया है। विधायक कुलदीप ने कहा कि देश को एजुकेशन मॉडल देने वाले एक ईमानदार व्यक्ति को फर्जी मामले में भाजपा ने सीबीआई और दिल्ली पुलिस के दम पर गिरफ्तार किया है। सोमवार को दिल्ली के अलावा पटना, चंडीगढ़, भोपाल, ओडिशा, गुजरात, हरियाणा, मुंबई, बेंगलुरु में भी आप कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। 

विज्ञापन

पार्टी कार्यालय में घुसी पुलिस 
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को पकड़ने के लिए पुलिस पार्टी दफ्तर में घुस गई। दिल्ली में इमरजेंसी जैसी स्थिति है। आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस जबरन घुसी है। आज हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन कुछ लोगों ने हमारी माताओं, बहनों पर लाठी चलाई। हमारे कार्यकर्ताओं के सिर पर लाठी मारी गई। पार्टी कार्यालय के अंदर घुस-घुसकर कर हमारे कार्यकर्ताओं को पकड़-पकड़कर बस के अंदर भरा गया। यह बिल्कुल सही नहीं था। 



आप मुख्यालय जाने वाला रास्ता बंद 
दिल्ली पुलिस ने आप मुख्यालय की तरफ जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए। दिल्ली पुलिस ने आप दफ्तर के बाहर धारा 144 लागू कर डीडीयू मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया। हालांकि, आप नेता छुपकर व अन्य रास्तों से पार्टी मुख्यालय तक पहुंचने में कामयाब रहे। पार्टी नेताओं ने बताया कि पार्टी मुख्यालय के साथ भाजपा के तरफ जाने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया गया था। इसके अलावा आप मुख्यालय की तरफ आने वाले अन्य छोटे रास्तों पर भी भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। 

बच्ची बनी आकर्षण का केंद्र 
विरोध प्रदर्शन में धरना देने पहुंची 12 साल की बच्ची आकर्षण का केंद्र रही। आप कार्यकर्ताओं के साथ आई करीब 12 साल की मनीष मिश्रा ने कहा कि वह दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। दिल्ली सरकार ने स्कूलों को सबसे सुंदर बना दिया है। केंद्र सरकार उनके काम से परेशान है यही कारण है कि उन्होंने शिक्षा मंत्री को जेल में डाल दिया। स्कूलों में हुए सुधार को पसंद नहीं कर रहे। केंद्र सरकार नहीं चाहती कि दिल्ली के स्कूल अच्छे हो। 

लोहे की जंजीर-काली पट्टी पहनकर जताया विरोध 
आप मुख्यालय के बाहर आप विधायक सौरभ भारद्वाज, ऋतुराज झा, आतिशी, आदिल अहमद खान सहित अन्य विधायक, पार्षद सहित अन्य आप नेताओं ने हाथों में लोहे की जंजीर पहनकर व काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि जिस तरह से केंद्र ने मनमानी करते हुए सिसोदिया को जेल में डाल दिया है उसी तरह से वह किसी को भी जेल में डाल सकते हैं। मनीष के खिलाफ जांच के बाद भी सीबीआई को कुछ नहीं मिला लेकिन केंद्र के दबाव में वह सभी को परेशान कर रही है। आतिशी ने कहा कि केंद्र की तानाशाही ही हम निंदा करते हैं। उनके विरोध में आप के कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध किया। यह जंजीर बताती है कि कोई भी केंद्र के विरोध   में बोलेगा तो उसे जेल में डाल दिया जाएगा। 

विज्ञापन

निराश होने के बजाय आप केंद्र पर हमलावर
दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की आबकारी नीति मामले में गिरफ्तारी होने से आम आदमी पार्टी निराश होने के बजाय आक्रामक हो गई है। वह सिसोदिया की गिरफ्तारी को गलत ठहराते हुए खुद को भाजपा का मुख्य प्रतिद्वंदी करार देते हुए देश भर में अपने लिए माहौल बनाने में जुट गई है। 

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के रविवार को सीबीआई मुख्यालय जाने से पहले ही आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आक्रामक रुख अख्तियार करना शुरू कर दिया था और उनकी गिरफ्तारी के बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान समेत तमाम नेता मैदान में कूद पड़े थे और वह सोमवार को भी सड़क पर उतर रहे। उनके रुख को देखकर लगता है कि वह आगामी दिनों के दौरान भी सिसोदिया को पाक साफ करार देने के साथ-साथ आप नेता भाजपा को मुख्य प्रतिद्वंदी दल ठहराने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।

आप नेता भाजपा पर सीधे व कांग्रेस पर अप्रत्यक्ष तौर पर निशाना साध रहे है। वह सीधे चुनौती दे रहे है कि वह कांग्रेस नेताओं की तरह डरने वाले नहीं है। वह कह रहे है कि भाजपा को अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से डर लगता है, क्योंकि भाजपा की आंखों में राहुल गांधी के बजाए अरविंद केजरीवाल खटक रहे है। वह प्रधानमंत्री पद के सर्वे में सबसे ऊपर अरविंद केजरीवाल का नाम होता है। इस कारण भाजपा की केंद्र सरकार अपनी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है और मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी किसी जांच से नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से जुड़ी हुई है। वह दावा कर रहे है कि सिसोदिया का मामला जब कोर्ट में जाएगा, तब एजेंसियां एक रुपये के भ्रष्टाचार का प्रमाण कोर्ट के सामने नहीं रख पाएगी। आप नेता प्रधानमंत्री को आगाह कर रहे है कि वह दुनिया का इतिहास याद रखें, जब भी तानाशाह ने सच को दबाने की कोशिश की है, तब सत्य के लिए लड़ने वाले और ज्यादा मजबूत हुए है। भाजपा का नाश आप के हाथों लिखा है, नरेंद्र मोदी का शासन समाप्त करने वाले आदमी अरविंद केजरीवाल बनेंगे।

आप का दावा, देश में आपातकाल के संकेत
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि देश में आपातकाल के संकेत दिख रहे हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ पार्टी के 80 फीसदी नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर रखा है। इंदिरा गांधी ने जो इमरजेंसी में किया था, वही आज केंद्र की मोदी सरकार कर रही है। आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने सोमवार सुबह पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली पुलिस से सवाल किया कि राज्यसभा सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री को किन-किन धाराओं में गिरफ्तार किया है। इसके अलावा संगठन का काम देखने वाले आदिल अहमद खान, दर्जनों विधायक और पार्षदों को पुलिस ने रविवार से गिरफ्तार कर रखा है। उन्होंने पूरी रात थाने में काटी है। इसके अलावा जिला प्रभारी, लोकसभा संयोजक भी गिरफ्तार है। इस तरह से आम आदमी पार्टी के संगठन को अहम लोगों को केंद्र सरकार ने बिना वजह सलाखों के पीछे डाला हुआ है। यह इमरजेंसी के संकेत है।

पांच विधायकों समेत 42 प्रदर्शनकारी हिरासत में
राउज एवेन्यू कोर्ट में सिसोदिया की पेशी के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इतजाम थे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने डीडीयू मार्ग के दोनों कैरिज-वे को पूरी तरह बंद कर दिया। बावजूद भारी संख्या में आप कार्यकर्ता पहुंच गए। नारेबाजी और हंगामे के बीच पुलिस ने आप मुख्यालय के पास से पांच विधायकों, दो निगम पार्षदों समेत कुल 42 लोगों को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को अलीपुर, बवाना और उत्तर-पश्चिम जिला ले जाया गया। देर शाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया।

पूरी राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया
दूसरी ओर रविवार को सीबीआई मुख्यालय के पास से हिरासत में लिये गए आप सांसद संजय सिंह समेत सभी 38 लोगों को नेब सराय थाने से रिहा कर दिया गया। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उप-मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन करने की बात की थी। वहीं उप-मुख्यमंत्री को अदालत में भी पेश करना था। ऐसे में सारे हालात को देखते हुए पुलिस ने लगभग पूरी राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया। डीडीयू मार्ग पर चूंकि भाजपा मुख्यालय होने के अलावा कई महत्वपूर्ण दफ्तर हैं। ऐसे में वहां औपचारिक तौर पर धारा-144 लगी ही रहती है। पुलिस ने इसका हवाला देकर आप कार्यकर्ताओं से वहां प्रदर्शन न करने की अपील की थी।

कई मार्ग बंद करने से लगा जबरदस्त जाम
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के गिरफ्तार होने व सोमवार को कोर्ट में पेश करने को लेकर दिल्ली पुलिस ने कई मार्ग बंद कर दिए थे। लोदी कॉलोनी स्थित सीजीओ कांप्लेक्स में स्थित सीबीआई मुख्यालय के आसपास के मार्गों को बंद कर दिया गया था। ज्यादातर मार्ग रातभर बंद रहे। इसके अलावा सभी मार्गों पर पुलिस बैरिकेड लगाकर चेकिंग कर रही थी। इससे जाम लगता चला गया। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री की कोर्ट में पेशी को देखते हुए दीन दयाल उपाध्याय मार्ग (डीडीयू मार्ग) को कई घंटे के लिए बंद कर दिया गया था। इससे दिल्ली के कई इलाकों में सुबह से लेकर देर शाम तक जबरदस्त जाम की स्थिति रही। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आप मुख्यालय पहुंचे आप कार्यकर्ताओं को जब रास्ता नहीं मिला तो वह डीडीयू मार्ग पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के खिलाफ गीत गाकर नारेबाजी की। 

सिसोदिया को मंत्रिपद से हटाएं मुख्यमंत्री: कांग्रेस
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री से मनीष सिसोदिया को तत्काल मंत्रिपद से हटाने की मांग की है। उन्होंने सवाल पूछा कि आखिर क्या वजह है कि पिछले आठ महीने से जेल में बंद सत्येंद्र जैन मंत्री पद पर बने हुए हैं। क्या केजरीवाल के पास पूर्ण बहुमत होने के बाद भी मंत्री बनाने योग्य विधायक नहीं है या दूसरे विधायकों पर विश्वास नहीं है। दिल्ली विधानसभा में 70 में से 63 विधायक आप के हैं। बावजूद इसके जेल में बैठे सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद भी मंत्री पद पर बने हुए हैं।

आप को संविधान में विश्वास नहीं: भाजपा
आप के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि सीबीआई भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कानून के मुताबिक काम कर रही है। आप को कानून, संविधान और जनता में भरोसा नहीं है। अपने ‘नाटक’ और ‘अराजकता’ के प्रदर्शन के साथ आपने ने संकेत दिया है कि वह जांच एजेंसियों को अपना काम नहीं करने देगी जो न्याय की प्रक्रिया में बाधा डालने और अदालत की अवमानना के बराबर है।

सिसोदिया की गिरफ्तारी से आप बेचैन
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी से पूरी पार्टी बौखला गई है। अपराध की जड़े चाहे जितनी भी गहरी हो, जितनी भी सतर्कता बरती जाए, उसका उजागर होना निश्चित है। सिसोदिया का शराब घोटाला सबके सामने आ चुका है तो पूरी पार्टी बेचैन है। दिल्ली की जनता को याद है कि कैसे सिसोदिया ने मंदिर, गुरुद्वारे, विद्यालय और रिहायशी इलाकों में शराब के ठेके खोलने का काम किया है।

सीएम कैबिनेट में तुरंत बदलाव करें: विधूड़ी
नई दिल्ली। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह विधूड़ी ने मुख्यमंत्री से सत्येंद्र जैन और सिसोदिया को कैबिनेट से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सांविधानिक और नैतिक रूप से भी यह जरूरी है कि सीएम कैबिनेट में तुरंत बदलाव करें। बिधूड़ी ने कहा कि जैन पिछले साल मई से जेल में है। उनके सारे विभाग उपमुख्यमंत्री सिसोदिया को सौंपे गए थे और अब सिसोदिया भी सीबीआई की गिरफ्त में हैं। 

सांसद ने आप को घेरा
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली से सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी घोटाले के चलते गिरफ्तार किया गया है, लेकिन रविवार से आप नेता शिक्षा मुद्दे को उठा रहे हैं। जांच एजेंसी ने उपमुख्यमंत्री को घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन्हें एजेंसी को बताना चाहिए कि शराब पर 2% कमीशन से बढ़ाकर 12  क्यों किया गया।

कब क्या हुआ
सुबह 7 बजे : डीडीयू मार्ग को बैरिकेड लगाकर किया गया बंद 
सुबह 11:00 बजे : कार्यालय में जुटने लगे आप नेता 
दोपहर 12:20 बजे : आप कार्यालय पहुंचने लगे आप विधायक 
दोपहर 12:30 बजे : जेल से छूटकर आप कार्यालय पहुंचे संजय सिंह और अन्य नेता 
दोपहर 01 बजे : आप कार्यकर्ताओं के साथ आतिशी ने बनाई रणनीति 
दोपहर 01:36 बजे : विरोध प्रदर्शन के लिए सड़क पर आई आतिशी व अन्य नेता 
दोपहर 01:40 बजे : आप कार्यकर्ता ने भाजपा कार्यालय के तरफ किया कूच 
दोपहर 01:50 बजे : आप कार्यकर्ता व दिल्ली पुलिस के बची हुई झड़प 
दोपहर 02:05 बजे : पुलिस ने शुरू की कार्रवाई 
दोपहर 02:15 बजे : पुलिस ने आप नेताओं को हिरासत में लिया 
दोपहर 2:30 बजे : आप मुख्यालय में आए आप नेता, शुरू किया गेट पर ही प्रदर्शन 
दोपहर 02:35 बजे : पुलिस ने मुख्यालय से ही आप नेताओं को हिरासत में लेने की कोशिश 
दोपहर 02:40 बजे : पार्टी मुख्यालय में आप ने तेज किया प्रदर्शन 
दोपहर 3:30 बजे : आप का प्रदर्शन हुआ शांत

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed