मां की शादी कराकर दूसरे पिता से धोखाधड़ी, वैवाहिक साइट पर विज्ञापन देकर बनाया शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर के एक युवक ने 49 वर्षीय मां की शादी वैवाहिक साइट पर विज्ञापन देकर 59 साल के एक कारोबारी से करवाकर उन्हें धोखाधड़ी का शिकार बना लिया। कारोबारी ने आरोप लगाया है कि युवक ने मां व अन्य परिजनों की मदद से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में 38 लाख रुपये का फ्लैट खरीदवाने के बाद शादी की। विवाह के एक सप्ताह बाद ही कारोबारी ने महिला के मोबाइल में कुछ अन्य लोगों से शादी की बातचीत की रिकार्डिंग सुन ली। फिर जब पड़ताल की तो पता चला कि महिला व उसका बेटा लोगों को शादी के नाम पर ठगी का शिकार बनाते हैं।
कारोबारी ने कोर्ट के आदेश पर मां-बेटे समेत पांच पर केस दर्ज कराया है। मूलरूप से गया बिहार निवासी नवल किशोर शर्मा ने बताया कि उनका प्लाइवुड का कारोबार है। वह स्कूल भी चलाते हैं। उनके बच्चे शादीशुदा हैं। जो उनसे अलग रहते हैं। उनकी पत्नी की वर्ष 2010 में मृत्यु हो चुकी है। बच्चे चाहते थे कि वह किसी और से शादी कर लें। ताकि उन्हें किसी का सहारा मिल सके। बच्चों ने ही 2015 में वैवाहिक साइट पर विज्ञापन दिया था। वहीं, सुनीता गुप्ता के बेटे शिवम गुप्ता निवासी कानपुर ने भी मां की शादी के लिए विज्ञापन दिया था। जिसके बाद इनकी मुलाकात होने लगी।
कई बार की वादियों की सैर
नवल किशोर का आरोप है कि एक दूसरे से पहचान होने के बाद महिला व बच्चों के कहने पर डेढ़ वर्ष में कई बार कुल्लू, मनाली और अन्य पिकनिक स्पॉट पर लेकर गए। बताया गया है कि विवाह से पहले महिला व परिजनों ने फ्लैट नाम कराने की बात की। साथ ही कहा कि वह बिहार में नहीं रहना चाहती। लिहाजा एनसीआर में फ्लैट लेने को कहा। इस पर नवल ने संयुक्त नाम से फ्लैट लेने के लिए कहा। लेकिन महिला अपने नाम से फ्लैट लेने पर अड़ गई। उसने वादा किया कि वह शादी के बाद नवल के नाम पावर ऑफ अटार्नी बनवा देगी। नवल ने बात मानकर 13 सितंबर 2017 को फ्लैट खरीद लिया। उसके खाते से ही पैसे निकालकर रकम दी गई। फिर 11 नवंबर 2017 को दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विवाह किया। शादी के बाद महिला ने पावर आफ अटार्नी से इंकार कर दिया। उल्टा नवल किशोर पर ही आरोप लगाने लगी। साथ ही पुलिस से भी पीड़ित के खिलाफ शिकायत दे दी।
आरोपी गिरोह बनाकर करते हैं ठगी
नवल किशोर के अधिवक्ता बिमलेश कुमार का कहना है कि आरोपी गिरोह बनाकर बुजुर्ग लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। आरोपी नवल से शादी करने और फ्लैट खरीदने के बाद अन्य व्यक्ति से शादी करने की साजिश रच रहे थे। इसकी सारी रिकार्डिंग नवल किशोर को मिल गई। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। साथ ही पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस के केस दर्ज नहीं करने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया। अब, कोर्ट के आदेश पर सुनिता गुप्ता, उसके बेटे शिवम गुप्ता समेत पांच लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।