झपटमारों को सड़क पर नंगा दौड़ाया: दिल्ली में मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन को भीड़ ने पीटा, कपड़े जलाए
दिल्ली के नरेला इलाके में ई-रिक्शा चालक का मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन युवकों को भीड़ ने निर्वस्त्र कर पीटा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विस्तार
मौके पर पहुंची पुलिस को न कोई शिकायतकर्ता मिला और न ही आरोपी। पुलिस के लौटने के बाद पूरे वाकये का वीडियो वायरल हो गया। जिसका संज्ञान लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो के जरिये तीनों युवकों और निर्वस्त्र कर पिटाई लगाने वाले लोगों की पहचान कर रही है।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे नरेला रेलवे फाटक के पास चार युवकों ने एक ई-रिक्शा चालक से मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर चारों बदमाश भागने लगे। ई-रिक्शा चालक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर भाग रहे तीन युवकों को पकड़ लिया। लोगों ने तीनों की जमकर पिटाई कर दी। बाद में तीनों युवकों को कपड़े उतारने के लिए कहा। तीनों को निर्वस्त्र करने के बाद हाथ बांधकर डंडे से पिटाई की। बाद में उनके कपड़ों को आग के हवाले कर दिया गया।
इस दौरान वहां मौजूद लोग इनका वीडियो बनाते रहे। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुबह करीब 11.56 बजे पुलिस को बदमाशों को पकड़े जाने और उनकी पिटाई करने की सूचना मिली। नरेला थाना प्रभारी पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे। लेकिन पुलिस को वहां न तो कोई शिकायतकर्ता मिला और न ही वह युवक मिले, जिनके साथ मारपीट की गई थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
दोपहर बाद नरेला रेलवे फाटक के पास युवकों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल हुआ। करीब 17 सेकेंड, 34 सेकेंड और 1.14 मिनट के तीनों वीडियो में लोग तीन युवकों को पकड़े दिख रहे हैं। तीनों को निर्वस्त्र करने के बाद हाथों को कपड़े से बांधकर लात घूंसों और छड़ी से पिटाई की जा रही है। युवकों के सारे कपड़े उतारने के बाद लोगों ने उसमें आग लगा दी।
घटना के बाद लोगों ने साधी चुप्पी
वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि घटना के बाद से लोगों ने चुप्पी साध रखी है। कोई भी घटना को लेकर कुछ भी बताने से इन्कार कर रहा है। न ही उन युवकों की पहचान हुई है, जिनके साथ मारपीट की गई है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त रवि सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर पीड़ित युवकों और उनके साथ मारपीट करने वालों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि किस ई-रिक्शा चालक के साथ लूटपाट हुई थी।